Telangana Election Voting 2023 : तेलंगाना में विधानसभा की 119 सीटों पर आज सुबह सात बजे से मतदान जारी है। यह शाम पांच बजे तक चलेगी। नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान शाम चार बजे ही खत्म हो जाएगा। मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी कतारें हैं। वोटरों में अपने मताधिकार के इस्तेमाल को लेकर भारी उत्साह नजर आ रहा है। सुबह 11 बजे तक 20.64% मतदान हुो चुका है। मतदान के बीच राजनीति भी गरमाई हुई है। नलगोंडा जिले के जनगांव में BJP और BRS के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, बीच-बचाव के लिए पुलिस को सामने आना पड़ा।
सुप्रीम कोर्ट ने कन्नूर विश्वविद्यालय के कुलपति की पुनर्नियुक्ति को रद्द किया#KannurUniversity #SupremeCourt #india24x7livetv pic.twitter.com/x15fZDUB1j
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) November 30, 2023
Telangana Election Voting 2023 : पीएम मोदी ने वोटिंग में हिस्सा लेने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में आज मतदान के मौके पर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “मैं तेलंगाना की अपनी बहनों और भाइयों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने का आह्वान करता हूं। मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं।”
Telangana Election Voting 2023 : तेलुगु फिल्म स्टारों ने डाला वोट
तेलुगु सिनेमा इंडस्ट्री का गढ़ माने जाने वाले हैदराबाद में फिल्म अभिनेताओं और कलाकारों ने भी मतदान किया। हैदराबाद के जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के पी ओबुल रेड्डी पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर सितारों का जमावड़ा दिखा। तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी, अल्लू अर्जून और जूनियर एनटीआर अपने परिवार संग वोट डालने पहुंचे। ऑस्कर विनिंग म्यूजिक कंपोजर एमएम किरावाणी ने भी वोट डाला।

Telangana Election Voting 2023 : ओवैसी और जी किशन रेड्डी ने किया मतदान
केंदीय मंत्री और तेलंगाना बीजेपी चीफ जी किशन रेड्डी ने हैदराबाद के बरकतपुरा मतदान केंद्र पर मतदान किया। वहीं, एआईएमआईएम चीफ और स्थानीय सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मतदान करने के बाद लोगों से सौ फीसदी वोटिंग करने की अपील की। सीएम केसीआर की बेटी के.कविता ने हैदराबाद के बंजारा हिल्स में मतदान किया। उनके भाई और कैबिनेट मंत्री केटीआर भी अपनी पत्नी शैलिमा के साथ इसी विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया। तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने कोडंगल में मतदान करने के बाद कहा, “तेलंगाना में ‘अच्छे दिन’ आने वाले हैं, ‘दुराला सरकार’ जाएगी और तेलंगाना में ‘प्रजला सरकार’ बनेगी।”

Telangana Election Voting 2023 : राहुल गांधी ने की लोगों से मतदान की अपील
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने तेलंगाना की जनता से ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की है। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि “आज प्रजला दोराला को हरा देगी। तेलंगाना के भाईयों और बहनों बाहर निकलें और बड़ी संख्या में मतदान करें। ‘बंगारू’ तेलंगाना बनाने के लिए वोट करें, कांग्रेस को वोट दें।”
Telangana Election Voting 2023 : 8 लाख मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य में 3.17 करोड़ से अधिक वोटर्स हैं। इनमें 8 लाख ऐसे युवा हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस विधानसभा चुनाव में 109 राजनीतिक पार्टियों के 2290 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य में 35,655 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों की संख्या 511 है। ये सभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र हैं, जिनकी सीमा महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से लगती है। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए केंद्रीय आर्म्ड पुलिस फोर्स की 100 से अधिक कंपनियां तैनात की गई हैं। तेलंगाना चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को बाकी राज्यों के साथ आएंगे।
Telangana Election Voting 2023 : लगातार दो बार से जीत रही है बीआरएस
आंध्र प्रदेश से काटकर तेलंगाना को साल 2014 में अलग राज्य बनाया गया था। अगले साल यानी 2024 में राज्य के बनने के 10 साल हो जाएंगे। इस बीच राज्य में दो विधानसभा चुनाव हो चुके हैं और इन दोनों ही चुनावों में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) जो पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) हुआ करती थी, ने जीत दर्ज की।
मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए चुनाव मैदान में हैं। राज्य में आंध्र प्रदेश और ओडिशा की तरह ही लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव हुआ करते थे। लेकिन केसीआर ने साल 2018 में तय कार्यकाल से पहले ही चुनाव करवा लिया था। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को 88, कांग्रेस को 19, एआईएमआईएम को 8 और बीजेपी को महज 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी।









