फिल्म एक्टर सोनू सूद हमेशा से लोगों की मदद करने के लिये जाने जाते हैं. उनकी मदद से अब तक कई लोगों को न केवल सहारा मिला है बल्कि कई लोगों की जिंदगी भी बच गई है. लोगों के बीच मददगार और मसीहा जैसे नाम से चर्चित इस एक्टर की अब एक बच्चे को जरूरत है जिसका दिमाग सिर से बाहर है. छह महीने के इस बच्चे के बारे में जैसे ही सोनू सूद की टीम को जानकारी मिली बिना वक्त गंवाये बच्चे तक मदद पहुंच गई.
मामला झारखंड के दुमका जिले का है. दुमका के काठीकुंड प्रखंड अंतर्गत शिवतल्ला गांव के छह महीने के शिवांश कुमार का इलाज अब सोनू सूद के चैरिटी के द्वारा मुम्बई में कराया जायेगा. अभिनेता सोनू सूद ने वीडियो कॉल के द्वारा पीड़ित बच्चे हिमांशु के पिता मनोज कुमार चौधरी और माता मोनिका से बात कर उनको मुम्बई बुलाया है. सभी परिजनों 16 नवंबर को रांची से मुम्बई के लिए रवाना होंगे. शिवांश के इलाज को लेकर परिजन परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं.
बच्चा पिछले छह महीना से परेशान है. दरअसल जन्म के समय से ही शिवांश का दिमाग सिर से बाहर है. बड़ी बात यह है कि अब तक कोई डॉक्टर उसका इलाज नहीं कर सका है. परिजनों ने दुमका फुलो झानो मेडिकल कॉलेज, रांची रिम्स और दिल्ली एम्स तक दौड़ लगाई. दिल्ली एम्स में न्यूरो सर्जन ने 20 फरवरी 2025 की तिथि इलाज के लिये दी है. पिता मनोज कुमार चौधरी और मां मोनिका कुमारी ने बताया कि बेटे का बीमारी बढ़ती जा रही है, ऐसे में शीघ्र इलाज नहीं होगा तो बेटा का जीवन बचाना मुश्किल हो जाएगा. लेकिन अब अब मुम्बई के अभिनेता सोनू सूद के सूद चैरिटी ट्रस्ट ने बच्चे को इलाज कराने के लिए मुम्बई बुलाया है.
सोनू सूद की मदद से माता-पिता बहुत खुश हैं और उनको यकीन है कि बच्चे को नई जिंदगी मिल जायेगी. स्थानीय विधायक नलीन सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष जायस बेसरा ने भी बच्चे के जल्दी स्वास्थ हो जाने की कामना की है।









