agra news: आज के युवाओं में रील बनाकर फेमस होने की सनक सवार है. सनक ऐसी कि लोग किसी भी हद से गुजरने को तैयार हैं. कोई ट्रेन के सामने दौड़ते हुए रील बना रहा है तो कोई नदी की धारा में स्टंट करते हुए बना रहा है. लेकिन उत्तर प्रदेश के आगरा में तो एक युवक ने बकायदे पुलिस चौकी में घुसकर और दरोगा की कुर्सी पर बैठकर रील बनाया है.
यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. (agra news) वहीं जानकारी मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. मामला आगरा के एत्तमाद्दोला थाना क्षेत्र के फाउंड्री नगर चौकी का है. आरोपी की पहचान खंदौली के रहने वाले नितिन उपाध्याय के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी आपराधिक प्रवृति का है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है. इसी के साथ पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश और दबिश शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं. इसी संबंध में दो दिन पहले वह चौकी में आया था. संयोग से उस समय चौकी इंचार्ज गश्त पर निकले थे.
वहीं चैंबर में उनकी कुर्सी खाली देख आरोपी ना केवल दरोगा की कुर्सी पर बैठ गया, बल्कि इस कुर्सी पर बैठे बैठे आरोपी ने वीडियो बनाया और फिर सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल होने लगा. कई लोगों ने इस वीडियो को एसएसपी आगरा को टैग करते हुए ट्वीट कर दिया.
https://youtu.be/xQHUKY57ZdM









