शामली के कांधला में पूर्व चैयरमैन का अनोखा कारनामा सामने आया है, जहां वोटरों को लुभाने के लिए मुर्गों के बांटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये पूरा मामला शामली का है, जहां कांधला के पूर्व चैयरमैन हाजी इस्लाम ने मुर्गों से भरी गाड़ी मंगवाई और फिर लोगों में मुर्गे बांटे। ये सब नगर निकाय की सुगबुगाहट के बीच प्रत्याशियों को लुभाने के लिए किया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा गया कि हाजी इस्लाम ने ट्रक भरकर मुर्गे मंगवाएं और लोगों को बांटे।
वायरल वीडियो में लोगों की भारी भीड़ देखी जा सकती है। लोग कतार में मुर्गे लेने के लिए लगे दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बता दें कि हाजी इस्लाम 2006 से लेकर 2012 तक कांधला कस्बे के दो बार चैयरमैन रह चुके हैं। मालूम हो कि नगर निकाय चुनाव से पहले नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कवायद शुरू हो चुकी है। ऐसे में प्रत्याशियों को लुभाने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है।
इससे पहले अक्टूबर में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें कथित तौर पर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के स्थानीय नेताओं को तेलंगाना में मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब की बोतलें बांटते हुए दिखाया गया था। जानकारी मिली थी कि मुनुगोडी में बीआरएस नेता हरीश राव एक बैठक के बाद मतदाताओं में कथित शराब की बोतलें बांटते दिखे।
जिसके बाद बीजेपी ने इसका विरोध करते हुए आपत्तिजनक बताया था। बीजेपी नेता एनवी सुभाष ने कहा, “वीडियो में दावा किया गया है कि टीआरएस के स्थानीय नेता मतदाताओं को शराब की बोतलें बांट रहे थे।”









