UP News: उत्तर प्रदेश (UP News) के बांदा जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 701 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सांसद आरके पटेल मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन शहर के जीआईसी मैदान में किया गया। इस कार्यक्रम में 801 जोड़ों का पंजीकरण कराया गया था। इसमें से 701 जोड़ों का विवाह आज पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
UP News: इसमें से 20,000 रुपये उसके खाते में भेज दिए जाते हैं
प्रदेश सरकार की तरफ से प्रत्येक नव विवाहिता को 35,000 रुपये की धनराशि भी उपलब्ध कराई जाती है। इसमें से 20,000 रुपये उसके खाते में भेज दिए जाते हैं और शेष बची धनराशि से नवदंपती को उपहार खरीद कर दिए जाते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत तमाम गरीब कन्याओं का विवाह एक ही स्थान पर संपन्न हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की योगी सरकार ही एक ऐसी सरकार है जो जन्म से लेकर विवाह तक के बारे में योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ देने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज बांदा में वृहद वैवाहिक सम्मेलन में 701 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के आयोजन से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आसानी हुई है। उन्हें विवाह के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ी है। यह सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है जो गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।
















Comments 2