रिपोर्ट -मनोज कुमार
UP News: कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के मुंडागोपाल आश्रम में शनिवार को नारी शक्ति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा शामिल हुए और उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्तियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि समाज और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने महिला आरक्षण बिल के विरोध में लोकसभा में वोट कर यह स्पष्ट कर दिया है कि वे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं देना चाहते। उन्होंने महिलाओं से जागरूक होने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।

सम्मेलन के दौरान कई महिला नेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। इनमें प्रीति सिंह, माया देवी वर्मा, निर्मला गिरी, साध्वी निर्मला दास, जिला पंचायत सदस्य गीता वर्मा, पूजा सिंह, पूनम कन्नौजिया, पार्टी नेता सुमन चौहान, सरोज मिहिर, रामावती वर्मा और प्रिया सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रियांशी दीक्षित ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया।















