रिपोर्ट – रानू सिंह
UP News: बाराबंकी। सतरिख स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में गुरुवार को प्रार्थना सभा के बाद उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान कई छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं ने सांस लेने में दिक्कत, घबराहट और बेचैनी की शिकायत की। देखते ही देखते कुछ छात्राएं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिसके बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से बीमार छात्राओं को बाराबंकी जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने छात्राओं की जांच शुरू कर दी और उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए और अपनी बेटियों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते रहे।
बताया जा रहा है कि इन दिनों बाराबंकी समेत पूरे अवध क्षेत्र में भीषण गर्मी और भारी उमस का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन अधिक उमस के कारण गर्मी का असर काफी ज्यादा महसूस किया गया। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि गर्मी और उमस के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ी हो सकती है।
हालांकि, छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। चिकित्सकों की जांच और रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। वहीं, एक साथ कई छात्राओं के बीमार पड़ने से विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल सभी बीमार छात्राओं का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। विद्यालय प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है। अधिकारियों की निगरानी में छात्राओं की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









