UP News: शादियों का सीजन शुरू हो चुका है और दूल्हे अपनी दुल्हन को लेने के लिए तरह-तरह के अंदाज में पहुंच रहे हैं. उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक दूल्हा अपनी कार को हेलीकॉप्टर का रूप देकर बरात लेकर पहुंचा. उसकी ये सवारी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई.
दरअसल, सिद्धार्थनगर जनपद के रहने वाले इम्तियाज अहमद की बुधवार को महाराजगंज जनपद के नौतनवा कस्बे में शादी थी. इम्तियाज ने बताया कि जब उसने हेलीकॉप्टर की तरह दिखने वाली इस गाड़ी को देखा था तो उसे बहुत पसंद आई थी. उसने ठान लिया था कि अपनी शादी में वह यही गाड़ी लेकर जाएगा.
UP News: दूल्हे की हेलीकॉप्टरनुमा कार
इम्तियाज का सपना पूरा हो गया और वह अपनी शादी में हेलीकॉप्टर की तरह दिखने वाली गाड़ी में सवार होकर पहुंचा. दूल्हे का काफिला जिस रास्ते से भी गुजर रहा था, लोगों की नजरें गाड़ी की तरफ रुक जाती थीं. कुछ लोग तो गाड़ी का वीडियो बनाने में भी मशगूल हो गए. कई लोग हेलीकॉप्टर वाली कार के साथ सेल्फी भी लेने लगे.
हेलीकॉप्टर की तरह दिखने वाले गाड़ी के मालिक (UP News) ने बताया कि जब से उसने अपनी गाड़ी को इस तरह का लुक दिया है, तब से इसकी बुकिंग बढ़ गई है. लोग मुंह मांगे दाम गाड़ी के देने को तैयार रहते हैं. इम्तियाज की इस अनोखी सवारी से लोगों का दिन बन गया और उन्होंने दूल्हे को ढेर सारी शुभकामनाएं दीं.
















Comments 2