आर्यन के नाम में ‘खान’, इस वजह से उनको निशाना बना रहीं केंद्रीय एजेंसियां: महबूबा मुफ्ती

Facebook
X
WhatsApp

ड्रग्स केस में फंसे बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन अभी जेल में ही हैं। सोमवार को उनके वकील ने जमानत के लिए कोर्ट का रुख किया, लेकिन एनसीबी ने नया पेंच फंसा दिया। जिस वजह से उन्हें अभी कुछ दिन और सलाखों के पीछे रहना होगा। इस मामले ने पूरी तरह राजनीतिक रंग ले लिया है। अब पीडीपी चीफ और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आर्यन केस को लेकर केंद्र और बीजेपी पर निशाना साधा है।

पीडीपी चीफ ने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष ने चार किसानों की हत्या की, लेकिन केंद्र और यूपी सरकार उस पर कार्रवाई करके उदाहरण नहीं पेश करना चाहती है। केंद्रीय एजेंसियां सरकार के कहने पर 23 साल के आर्यन को इसलिए निशाना बना रहीं, क्योंकि उनके नाम के अंत में ‘खान’ लगा है। ये एक तरह से न्याय प्रक्रिया का मजाक बनाना है। बीजेपी मुसलमानों को निशाना बना रही, ताकि अपने वोट बैंक को संतुष्ट कर सके।

वहीं दूसरी ओर लखीमपुर खीरी में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के करीब 6 दिन बाद शनिवार रात MoS अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर आरोप है कि वो उस वाहन में थे, जिसने प्रदर्शनकारियों को कुचला। पुलिस का कहना है कि आशीष को इस वजह से गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वो जांच में सहयोग नहीं कर रहा था।

वहीं आर्यन को जमानत नहीं मिल पाई है, उनकी याचिका पर अब 13 अक्टूबर को सुनवाई होगी। मामले में विशेष अदालत ने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के वकील ने क्रूज शिप ड्रग्स पार्टी बस्ट के संबंध में जवाब दाखिल करने के लिए सात दिन की मांग की है। जिस वजह से बुधवार को इस केस की अगली सुनवाई होगी। तब तक आर्यन जेल में रहेंगे।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें