बिजली और कोयला मंत्रियों द्वारा कोयला भंडार की कमी के कारण ब्लैकआउट को लेकर चिंता जाहिर करने के एक दिन बाद केंद्रीय बिजली सचिव आलोक कुमार का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति की स्थिति नियंत्रण में थी। एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान आलोक कुमार ने कहा, ”कुछ राज्यों के कुछ क्षेत्रों में बिजली संकट था, लेकिन अब स्थित नियंत्रण में है। बिजली संकट बहुत गंभीर नहीं था।”
आलोक कुमार ने कहा कि कुछ राज्यों में कोयला कंपनियों के लिए भारी बकाया है, जबकि कुछ राज्यों में कोयले का स्टॉक कम है। उन्होंने कहा, ”राजस्थान ने अपने कैप्टिव कोल माइन डेवलपर को भुगतान नहीं किया था। आपूर्ति बनाए रखने के लिए महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और यूपी को कोयला कंपनियों का बकाया चुकाना होगा। गुजरात और हरियाणा से भुगतान की कोई समस्या नहीं है।”
आलोक कुमार ने कहा कि कोयला सचिव ने उन्हें आश्वासन दिया था कि एनटीपीसी संयंत्रों के पास पर्याप्त कोयला है, यह सुनिश्चित करते हुए आपूर्ति में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा, ”औसत बिजली एक्सचेंज 12-13 रुपए प्रति यूनिट की दर से भाव दे रहे हैं। बिजली और अधिक आपूर्ति से कीमतों में और गिरावट आने की संभावना है। कोयले का उत्पादन निश्चित रूप से बढ़ेगा।”









