Sawan Somvar: सावन के पहले सोमवार के अवसर पर डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और आसपास की सड़कें भगवान शिव के भक्तों से पूरी तरह गुलजार रहीं।
“हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
Sawan Somvar: बारिश के बीच भी नहीं डिगी श्रद्धालुओं की आस्था
सुबह से हो रही तेज बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की।
Also Read –UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी से किया ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई विशेष आरती
मनकामेश्वर मंदिर की महंत दिव्यागिरी ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महादेव की विशेष आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान शिव की आराधना की। घंटों और शंखनाद की गूंज के बीच आयोजित आरती ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया।
सुरक्षा और व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्था संभालती रहीं ताकि दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्वयंसेवकों ने भी दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।
Also Read –Kerala Heavy Rain Flood: केरल में बारिश से जलजला! 8 की मौत, कई लापता; भूस्खलन और बाढ़ से मची तबाही
सावन का पहला सोमवार होने के कारण दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनकामेश्वर मंदिर पहुंचे। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस अवसर पर बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे दिन मंदिर परिसर शिवभक्ति में डूबा रहा और भगवान भोलेनाथ के जयघोष से गूंजता रहा।









