Anjangaon Road Accident: अंजनगांव-दर्यापुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, फोरव्हीलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत !

Facebook
X
WhatsApp

Anjangaon Road Accident:  महाराष्ट्र के अमरावती ज़िले में अंजनगांव-दर्यापुर रोड पर कोकर्डा फाटा के पास रात के समय भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फोरव्हीलर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से अंजनगांव तालुका में शोक की लहर दौड़ गई।

WhatsApp Image 2026 11 10 at 2.56.05 PM

मृतकों की पहचान अब्दुल साकिब अब्दुल सलीम (18) और वाहिद आजम खान इसाक (18), दोनों निवासी अंजनगांव सुर्जी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, फोरव्हीलर वाहन क्रमांक MH 27 BZ 1924 ने बाइक को टक्कर मारी थी। मामले में आरोपी मुकुंद विनोद दुर्गे (25), निवासी अंजनगांव सुर्जी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलते ही रहिमापुर पुलिस स्टेशन के थानेदार प्रशांत देशमुख अपने पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अंजनगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, गंभीर हालत के चलते दोनों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।

शिवसेना के पूर्व जिलाप्रमुख ने की मदद

हादसे के बाद शिवसेना के पूर्व जिलाप्रमुख गोपाल पाटील अरबट ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने अपनी निजी गाड़ी से एक घायल युवक को दर्यापुर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, युवक की हालत बेहद गंभीर थी और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

WhatsApp Image 2026 11 10 at 3.28.10 PM

विधायक गजानन लवटे ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की जानकारी मिलते ही दर्यापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक गजानन लवटे अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन से भी बातचीत की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने खून की कमी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। हालांकि, मौत के चिकित्सकीय कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने फोरव्हीलर चालक मुकुंद विनोद दुर्गे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थानेदार प्रशांत देशमुख के मार्गदर्शन में पुलिस आगे की जांच कर रही है। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों युवकों के शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।

महज 18 वर्ष की उम्र में दो युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

अमरावती जिला प्रतिनिधी-  फिरोज कुरेशी

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें