Balaghat News: बालाघाट में घर की छपरी पर मिला महिला का खून से सना शव, पति फरार; हत्या की आशंका से सनसनी !

Facebook
X
WhatsApp

Balaghat News:  मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बिठली पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बोड़की में एक महिला का खून से सना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 50 वर्षीय शांतिबाई भलावी के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति सोनसिंह भलावी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

छपरी से खून टपकता देख पड़ोसियों को हुआ शक

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शांतिबाई अपने पति सोनसिंह भलावी के साथ रहती थी। दंपती के दो विवाहित बेटे हैं। इनमें से एक जेल में है, जबकि दूसरा मजदूरी करने के लिए बाहर गया हुआ है। घटना के समय घर में पति-पत्नी ही मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि सुबह पड़ोसियों ने घर की छपरी से खून टपकते देखा। शक होने पर जब उन्होंने जानकारी जुटाई, तो शांतिबाई का खून से सना शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही रूपझर थाना पुलिस और बिठली पुलिस चौकी का बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने भी जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

घरेलू विवाद में हत्या की आशंका, पति की तलाश जारी

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर घरेलू विवाद के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि इस वारदात में महिला के पति सोनसिंह भलावी की भूमिका हो सकती है। हालांकि, हत्या के कारणों और आरोपी की संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद से सोनसिंह के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

लोकेशन- बालाघाट
रिपोर्टर- दिलीप जामरे

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें