Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक विशालकाय अजगर द्वारा नीलगाय के बच्चे को निगलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पट्टी तहसील क्षेत्र के दिशिनी गांव की बनवासी बस्ती की है, जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अजगर ने नीलगाय के बच्चे को अपना शिकार बना लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, रेस्क्यू के दौरान अजगर ने नीलगाय के बच्चे को उगल दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अजगर को देखने के लिए जुटी ग्रामीणों की भीड़
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने जब विशालकाय अजगर को नीलगाय के बच्चे को निगलते देखा तो इलाके में अफरातफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सर्पमित्र सिराज शेख को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सिराज शेख ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू शुरू किया।
रेस्क्यू की प्रक्रिया के दौरान अजगर ने नीलगाय के बच्चे को उगल दिया। हालांकि, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण हैरान रह गए।
सर्पमित्र ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ा
सर्पमित्र सिराज शेख ने अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रेस्क्यू के दौरान अजगर के मुंह से नीलगाय के बच्चे को बाहर निकलते देखा जा रहा है।
सर्पमित्र ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद सर्पमित्र सिराज शेख ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं सांप या अजगर दिखाई दे, तो घबराएं नहीं और उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके।
इस घटना के बाद गांव में अजगर को लेकर चर्चा बनी हुई है। वहीं, सर्पमित्र की तत्परता से अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर आबादी से दूर पहुंचा दिया गया।










