Muzaffarpur Gas Blast: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को नाला निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोबरसही इलाके में सड़क की खुदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि पांच से छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।
नाला निर्माण के दौरान फटी गैस पाइपलाइन
जानकारी के मुताबिक, गोबरसही इलाके में सोमवार को नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते जोरदार धमाका हो गया। इसकी चपेट में आसपास के मकान और वाहन भी आ गए।
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर कुछ ही देर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
एक की मौत, पांच से छह लोग घायल
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि पांच से छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने हादसे में एक से अधिक लोगों की मौत होने की आशंका जताई है, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल एक ही मौत की आधिकारिक पुष्टि की है।
गैस रिसाव पर पाया गया काबू, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
गैस पाइपलाइन से रिसाव और उससे जान-माल के नुकसान की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
वहीं, डीएसपी (फायर ब्रिगेड) प्रज्ञा शरण ने बताया कि गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट हुआ था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, पांच से छह लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद प्रभावित इलाके में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहीं। राहत और बचाव कार्य के साथ हादसे से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
2025 में भी फटी थी मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन
मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2025 में बेला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के गेट के पास भी इसी तरह का हादसा हुआ था। उस दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय एलपीजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। एक बार फिर खुदाई के दौरान पाइपलाइन फटने की घटना ने निर्माण कार्यों के दौरान भूमिगत गैस लाइनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।









