Balaghat News: सांदीपनि विद्यालय में गूंजा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जश्न, बालाघाट-सिवनी सांसद ने दी शुभकामनाएं !

Facebook
X
WhatsApp

Balaghat News: बालाघाट 01 नवम्‍बर 2026। मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस 1 नवंबर को बालाघाट जिले में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित सांदीपनि विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री नीतेश भार्गव, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कांवरे, श्री गौरीशंकर बिसेन, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री रमेश रंगलानी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

WhatsApp Image 2026 11 01 at 4.30.29 PM

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी श्री रमेश रंगलानी, श्री अशोक केहरी एवं श्री शांतिलाल का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश गान का भी सामूहिक गायन किया गया।

मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना के बाद से निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि बालाघाट जिले में विकास के अनेक कार्य हुए हैं। जिले में चार स्थानों पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है, जबकि भटेरा रोड पर कार्य जारी है। गोंदिया-जबलपुर रेल लाइन के दोहरीकरण की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इसका कार्य प्रारंभ होगा। इसी तरह बालाघाट से सिवनी फोरलेन सड़क का टेंडर भी हो चुका है।

सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि बालाघाट और सिवनी जिले का संसदीय क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और वन संपदा की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इस क्षेत्र में कान्हा टाइगर रिजर्व और पेंच नेशनल पार्क स्थित हैं, जो आपस में जुड़े हुए हैं। प्राकृतिक एवं खनिज संसाधनों से समृद्ध यह क्षेत्र विकास की अपार संभावनाएं रखता है और निरंतर प्रगति कर रहा है।

WhatsApp Image 2026 11 01 at 4.30.29 PM 1

समारोह में स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट की छात्राओं ने कर्मा नृत्य, सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने सुवा नृत्य तथा माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर गोंगलई की छात्राओं ने आदिवासी लोकनृत्य प्रस्तुत कर जिले की लोक संस्कृति की झलक दिखाई।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले सांदीपनि विद्यालय वारासिवनी के छात्र गिरीश पारधी को सम्मानित किया गया। मोहनपुर छात्रावास की अधीक्षिका श्रीमती श्यामवती उपवंशी को छात्रावास के उत्कृष्ट संचालन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार सोनगुड्डा अस्पताल की सीएचओ श्रीमती अंजलि रहांगडाले और बिठली अस्पताल के डॉ. सौरभ उइके को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले नगरपालिका के कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

WhatsApp Image 2026 11 01 at 4.30.28 PM

समारोह स्थल पर आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका बालाघाट, आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इनके माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। नागरिकों ने स्टॉलों का अवलोकन कर शासकीय योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- दिलीप जामरे, बालाघाट ( मध्य प्रदेश )

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें