Hamirpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गड्ढामुक्त सड़क अभियान के दावों के बीच हमीरपुर जिले के सरीला क्षेत्र में सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आई है। गोहाण्ड-कालपी मार्ग पर चंडौत बस स्टैंड से बेतवा पुल तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और बिखरी गिट्टी राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

चंडौत बस स्टैंड के पास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। यहां से गुजरने वाले राहगीरों और बाइक सवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर रात के समय गड्ढों के कारण दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है।
बालू लदे ट्रकों से उड़ते धूल के गुबार
इस मार्ग पर दिनभर बालू से भरे भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। जर्जर सड़क पर ट्रकों के गुजरने से धूल के गुबार उड़ते हैं, जिससे आसपास रहने वाले ग्रामीणों और दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है। धूल के कारण दुकानों और घरों में मिट्टी जमा हो रही है। लोगों को सांस लेने और सामान्य जनजीवन में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण खुद सड़क पर कर रहे पानी का छिड़काव
सड़क से उड़ती धूल से परेशान होकर ग्रामीण और दुकानदार खुद ही पानी का छिड़काव करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोग अपने स्तर पर सड़क पर पानी डालकर धूल कम करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी विभाग की है, तो आखिर उन्हें खुद यह काम क्यों करना पड़ रहा है?
PWD अधिकारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकार गड्ढामुक्त सड़कों का अभियान चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है।
अब सवाल यह है कि गोहाण्ड-कालपी मार्ग की सुध आखिर कब ली जाएगी? चंडौत बस स्टैंड से बेतवा पुल तक जर्जर सड़क की मरम्मत कब होगी और ग्रामीणों को धूल व गड्ढों से कब राहत मिलेगी? स्थानीय लोगों ने प्रशासन और PWD विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा नियमित पानी के छिड़काव की व्यवस्था करने की मांग की है।









