Sonbhadra: रेणुकूट। सेंट ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल, मूर्धवा, रेणुकूट में आयोजित इंटर स्कूल फेस्ट ‘खुला आसमान 2026-27’ में महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल कर विद्यार्थियों ने विद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने शतरंज, लूडो, कैरम, डॉजबॉल और कला प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर विद्यार्थियों ने कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार अपने नाम किए।
Sonbhadra: शतरंज और कला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हासिल किए प्रथम स्थान
शतरंज प्रतियोगिता के कक्षा 3 से 5 आयु वर्ग में प्रियंका कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, लूडो प्रतियोगिता में निकित्या ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कला प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 3 से 5 आयु वर्ग में रानू श्रीवास्तव ने प्रथम और नैंसी कुशवाहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 6 से 8 आयु वर्ग में राज सरोज प्रथम तथा आयुषी पाल द्वितीय स्थान पर रहीं।
खेल प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डॉजबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल क्षमता और टीम भावना का परिचय दिया।

शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से मिली सफलता
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिणाम बताया। प्रबंधन के अनुसार, महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थी जिस भी मंच पर प्रतिभाग करते हैं, अपनी प्रतिभा और अनुशासन से विद्यालय का गौरव बढ़ाते हैं।
इस सफलता में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करने वाले शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षकों के सतत सहयोग और प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि हिंडाल्को रेणुकूट की ओर से महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को योग्य खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खेलों से संबंधित गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप विद्यालय के छात्र-छात्राएं खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।









