UP Politics 2027: ‘चंद्रशेखर ने पीठ पर खंजर घोंपा’, ओवैसी से गठबंधन पर भड़के आजम खान; बोले- दो-चार को हरवाना ही…

Facebook
X
WhatsApp

UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी जंग अभी से तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की नई राजनीतिक जोड़ी ने समाजवादी पार्टी की मुश्किलें बढ़ाने के संकेत दिए हैं। इस गठबंधन पर अब सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने सीधा हमला बोला है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद पर राजनीतिक विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन्हें ताकत दी, उन्हीं की पीठ में उन्होंने खंजर घोंप दिया।

गुरुवार को लखनऊ पहुंचे आजम खान ने ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी पर तंज कसते हुए कहा, ”मैंने कोशिश की है कि उन्हें ज्यादा काबिले-बहस न बनाएं। (UP Politics 2027) उनका तो बहुत छोटा-सा मकसद है कि बस वे दो-चार कैंडिडेट्स को हरवा दें, जो उनकी हैसियत है।” उन्होंने आगे कहा कि जो शख्स मुल्क को नुकसान पहुंचा रहा है, उसे लोग पहचानते और समझते हैं।

Also Read –Supreme Court on Journalists Protection: रील बनाने वाले पत्रकार नहीं? सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से छिड़ी नई बहस, जानिए क्या कहा

आजम ने चंद्रशेखर को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि उन्हें उनसे मोहब्बत है, लेकिन उन्होंने अपना राजनीतिक करियर खत्म कर लिया है। आजम के मुताबिक, ”जिन लोगों ने उन्हें ताकत दी थी, उसी ताकत के साथ उन्होंने हमारी पीठ में खंजर घोंपा है।”

UP Politics 2027: ‘चांदी-सोने के सिक्कों की वजह से साथ लग जाते हैं लोग’

आजम खान ने गठबंधन की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग चांदी और सोने के सिक्कों की वजह से किसी के साथ खड़े हो जाते हैं। उन्होंने बिजनौर के सांसद चंद्रशेखर आजाद का नाम लिए बिना कहा कि इस राजनीतिक फैसले से उनका बड़ा नुकसान हुआ है।

Also Read –Rohtak Gang War: रोहतक में खूनी गैंगवार! ढाबे पर 50 राउंड फायरिंग, 4 युवकों की हत्या से फैली सनसनी

उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि कोई यह न समझे कि अपने छोटे से राजनीतिक मकसद के लिए वह उन्हें या कमजोर वर्गों को नुकसान पहुंचा सकता है। आजम ने अपनी जेल में रहने की अवधि का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह जेल में थे, तब लोमड़ियां गंगा पार करने लगी थीं, क्योंकि गंगा सूखी हुई थी। अब गंगा बह रही है।

आजम ने हिंदू-मुस्लिम तनाव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लोग सांप्रदायिक संघर्ष से परेशान हो चुके हैं और अब इस तरह की राजनीति से तंग आ चुके हैं। उनके मुताबिक, बड़ी-बड़ी बातें करने से सच्चाई नहीं बदलती, क्योंकि लोग हकीकत समझने लगे हैं।

चंद्रशेखर के गढ़ नगीना में जाकर जवाब देने की तैयारी

आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद को लेकर बुधवार को भी तीखा तंज कसा था। रामपुर में उनसे पूछा गया था कि यूपी की राजनीति में ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी का कितना असर होगा। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, ”अरे क्या बात करते हो, एक दिन हम नगीना जाएंगे और वहां के लोगों को भी बताएंगे, पूरे देश के लोगों को बताएंगे।”

यह बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि चंद्रशेखर आजाद नगीना लोकसभा सीट से सांसद हैं। आजम का यह तंज सीधे तौर पर चंद्रशेखर के उस राजनीतिक आधार पर सवाल खड़ा करता है, जिसे वह दलित-मुस्लिम एकजुटता के जरिए मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

दरअसल, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने हाथ मिला लिया है। दोनों ने 12 नवंबर को लखनऊ में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान किया था।

इस गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा बनाया गया है। दोनों नेताओं की नजर खासतौर पर दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं पर है।

गठबंधन की पहली बड़ी शक्ति प्रदर्शन रैली 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित की जा रही है। इसे ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ नाम दिया गया है। गठबंधन ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, किसानों और संवैधानिक अधिकारों को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया है। रैली में आगे की राजनीतिक रणनीति और बड़े ऐलान होने के संकेत भी दिए गए हैं।

चंद्रशेखर ने सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया है। उनका कहना है कि भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी दलों को साथ आना चाहिए। ऐसे में आजम खान का हमला महज व्यक्तिगत नाराजगी नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले मुस्लिम और दलित वोटों पर दावेदारी की लड़ाई का संकेत भी है।

चंद्रशेखर ने आजम को दिया जवाब, बोले- जनता तय करेगी किसकी हैसियत

आजम खान के खंजर वाले बयान पर चंद्रशेखर आजाद ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता जिसे चाहे आगे बढ़ा सकती है और जिसे चाहे पीछे कर सकती है। उन्हें जनता पर भरोसा है और उन्होंने मेहनत की है। चंद्रशेखर ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इतिहास रचेगा और 26 नवंबर की रैली में उसकी ताकत दिखाई देगी। उन्होंने इसे नई राजनीतिक ऊर्जा बताते हुए दावा किया कि 2027 में यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की सत्ता में बदलाव लाने की क्षमता रखता है।

सपा के घोषणा पत्र पर आजम बोले- कमी होगी तो सुधार कर लेंगे

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर आजम खान ने कहा कि उन्हें अभी यह जानकारी नहीं है कि उसमें क्या शामिल किया गया है। पार्टी के स्तर पर जानकारी मिलने के बाद ही वह इस पर कुछ कह सकेंगे।

उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में जो भी होगा, समाज की भलाई के लिए होगा। अगर कोई कमी रह जाती है तो उसमें सुधार किया जा सकता है। यह कोई आसमानी किताब नहीं है। आजम ने कहा कि सरकार बननी चाहिए और निजाम-ए-जुल्म खत्म होना चाहिए।

कांग्रेस से सीट बंटवारे पर फैसला बड़े नेताओं पर छोड़ा

कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर सवाल पूछे जाने पर आजम खान ने कहा कि यह फैसला लेना उनका काम नहीं है। बेहतर होगा कि इस मामले को पार्टी के बड़े नेताओं पर छोड़ दिया जाए। वहीं, खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा, ”मुझे चुनाव लड़ने से कौन रोक सकता है? मेरा चुनाव मेरी साइकिल है। साइकिल लड़ेगी और साइकिल जीतेगी। साइकिल के अलावा हमें कुछ और नजर नहीं आता।”

आजम खान के चुनाव लड़ने पर कानूनी पेंच, सुप्रीम कोर्ट से मिली अहम राहत

आजम खान के राजनीतिक भविष्य को लेकर सबसे बड़ा सवाल उनकी चुनावी पात्रता का है। उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले और सजाएं उनकी राह में कानूनी अड़चनें पैदा करती रही हैं। हालांकि, इस बीच 17 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट से उन्हें एक अहम राहत मिली। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज करते हुए आजम खान की दोषसिद्धि पर लगी रोक को बरकरार रखा। इतना ही नहीं, शीर्ष अदालत ने उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी इसी मामले में दोषसिद्धि पर रोक का लाभ दे दिया। तीनों को इस मामले में सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें