Bareilly News: थाना भमोरा क्षेत्र के ग्राम बल्लिया में सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से करीब 50 मीटर की दूरी पर लगभग सात माह के अज्ञात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को कुत्ते घसीट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, रिहाना पत्नी नवाब ने पुलिस को सूचना दी कि पीएचसी के पास एक शिशु का शव पड़ा हुआ है। बताया गया कि शव को कुत्ते घसीट रहे थे। सूचना मिलते ही बल्लिया पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
क्षत-विक्षत हालत में मिला शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शिशु का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था। पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र शर्मा के मुताबिक, शव का एक हाथ और एक पैर नीचे से गायब था, जबकि दोनों पैर भी क्षतिग्रस्त अवस्था में थे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शिशु की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिशु का शव वहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









