लखनऊ में पानी टंकी पर चढ़ कर गोंडा के व्यापारी ने किया हंगामा, जानिए पूरा मामला

Facebook
X
WhatsApp

गोंडा के करनैलगंज से आये व्यापारी महेश दत्त पांडेय शनिवार को हुसैनगंज हैदर कैनाल के पास स्थित पानी टंकी पर चढ़ गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें टंकी पर चढ़े देख पुलिस को सूचना दी थी। जिसके बाद हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस को देखते ही महेश टंकी से नीचे कूदने की चेतावनी देने लगा। काफी देर तक पुलिस और दमकल कर्मी महेश को मनाते रहे। उसकी मांगे माने जाने और आरोपियों पर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया गया। जिसके बाद वह टंकी से नीचे उतरने को राजी हुआ।

करनैलगंज निवासी महेश दत्त पाण्डेय आटा चक्की और तेल मिल चलाते हैं। आरोप है करनैलगंज के ही कुछ दबंग लोग उनसे व्यापार करने के बदले रुपये मांगते है। रंगदारी नहीं देने पर अक्सर महेश की दुकान पर आकर दबंग गाली गलौज करते हैं। कई बार पुलिस और प्रशासन को पत्र दे चुके हैं। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं। महेश के मुताबिक दबंगों के डर से उनका जीना मुश्किल हो गया है। गोंडा में सुनवाई नहीं होने पर वह लखनऊ आए थे। एसीपी हजरतगंज के मुताबिक शनिवार सुबह महेश टंकी पर चढ़ गए थे। जिसके बाद वह ऊपर से ही पर्च फेंकने लगे। स्थानीय लोगों ने अंजान व्यक्ति को टंकी पर चढ़े देख सूचना दी थी। पुलिस के पहुंचने पर महेश टंकी की रेलिंग पकड़ कर नीचे कूदने की धमकी दे रहे थे। स्थिति को भांपते हुए दमकल कर्मियों को सूचना दे दी गई थी।

साथ ही महेश को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। सीएफओ विजय सिंह के मुताबिक हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मौके पर भेजा गया था। पुलिस के साथ ही दमकल कर्मी ओमकार नाथ और अरुण त्रिपाठी टंकी पर किसी तरह से चढ़ गए थे। जिसके बाद महेश को नीचे उतारा जा सका। एसीपी हजरतगंज के अनुसार गोंडा पुलिस को सूचना दी गई है। वहां की टीम आते ही महेश को उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें