हरिद्वार में आज हरियाणा की एक बुजुर्ग महिला सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। उसकी वजह है कि महिला द्वारा गंगा में पुल से बेखौफ छलांग लगाना और गंगा में तैरते हुए किनारे की ओर जाते हुए दिखाई देना है।
हर की पौड़ी से ऊंचे से बिना किसी डर के गंगा में छलांग लगने वाली इस बुजुर्ग महिला की उम्र करीब 70 वर्ष से ज्यादा है। इस उम्र में कोई भी मुश्किल से चल फिर पाता है, इस तरह का स्टंट करने के बारे में तो कोई सोच भी नहीं सकता है, मगर इस बुजुर्ग महिला ने इसे गलत साबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग हरकी पैड़ी पर स्नान कर रही थीं, वहां कुछ युवा पुल से गंगा में छलांग लगा रहे थे, जिनको देखकर बुजुर्ग महिला को भी अपनी जवानी के दिन याद आ गए और वह जोश में आ गई।
बुजुर्ग पुल पर पहुंची और पुल से गंगा के तेज बहाव में छलांग लगा दी। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा कि बुजुर्ग महिला धीरे-धीरे तैरकर गंगा से बाहर आ जाती है। सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हो रहा है। किसी ने इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग हरियाणा के जिंद की रहने वाली हैं।
हरिद्वार में हरकी पैडी क्षेत्र के वायरल हो रहे वीडियो पर एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने जांच बैठा दी है। एसएसपी का कहना है कि यदि जांच में इस मामले में पुलिस कर्मियों की कोई गलती पायी गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
फेसबुक पर वायरल वीडियो में लिखा गया है कि हमारी दादी क्या छोरो से कम है। इस वीडियो के सामने आने पर हरकी पैडी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।









