Alwar News: अलवर शहर के जयपुर रोड पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कल एक महिला अध्यापिका की बस की टक्कर से मौत होने के बाद आज फिर इसी मार्ग पर तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवारों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, संजय और भूपेंद्र खेती-बाड़ी का काम करते हैं। दोनों जयपुर रोड पर सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार से आई एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल बस चिनार स्कूल की निजी बस बताई जा रही है।
हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई है। घायलों को तत्काल अलवर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद मोहल्लेवासियों ने किया सड़क जाम
लगातार हो रहे हादसों से नाराज स्थानीय निवासियों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना प्रभारी गुरुदत्त के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
मौके पर पहुंचे सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने भी स्थानीय निवासियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
महिलाओं ने उठाई सुरक्षा की मांग
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि इसी सड़क पर कल भी बस की टक्कर से एक महिला अध्यापिका की मौत हो गई थी। इसके अगले ही दिन दो लोगों के घायल होने से इलाके में भय का माहौल है।
महिलाओं का कहना है कि इसी मार्ग से छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मोहल्लेवासियों ने जयंती फार्म के सामने सड़क पर जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनवाने, स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की है।
PWD अधिकारी ने दिया सुरक्षा का आश्वासन
मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सड़क पर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएंगे। इसके साथ ही वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने के लिए स्पीड बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग स्थानीय लोगों की मांगों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करते हैं। लगातार हो रहे हादसों के बीच जयपुर रोड पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना बेहद जरूरी हो गया है।
अलवर, राजस्थान | ब्यूरो रिपोर्ट: रुपेश शर्मा
Post Views: 21









