Manmohan Singh Funeral : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनकी बड़ी बेटी उपिंदर सिंह ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।

दिल्ली : पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व PM मनमोहन सिंह #ManmohanSingh #NigamBodhGhat pic.twitter.com/rcWI2Oi1Sk
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) December 28, 2024
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल जैसे विदेशी मेहमानों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Manmohan Singh Last Rites : दिल्ली में लागू रहा डायवर्जन
अंतिम संस्कार से पहले, मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया गया, जहां एक घंटे तक आम लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद, करीब 11 किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए। यात्रा अकबर रोड से इंडिया गेट होते हुए तिलक मार्ग, आईटीओ रेड लाइट, और रिंग रोड से निगम बोध घाट पहुंची। मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मार्ग में कई सड़कों को डायवर्ट कर दिया था। यात्रा के साथ पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान मौजूद रहे।

Manmohan Singh : देश भर से गणमान्य व्यक्ति पहुंचे
कांग्रेस ने 27 दिसंबर को घोषणा की थी कि 28 दिसंबर को मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जिसके कारण कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ वहां जमा थी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। पूर्व पीएम को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।









