BJP Candidate List: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा (BJP Candidate List) की पांचवी सूची पर सब मकी निगाहें लगी हुई हैं। माना जा रहा है कि होली से पहले आज पार्टी की पांचवी सूची जारी की जा सकती है। आज संभावित सूची में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, राजस्थान और आंध्र प्रदेश के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा सकता है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की कल रात तीन घंटे तक चली बैठक के दौरान इन राज्यों के प्रत्याशियों के नाम पर गहराई से मंथन किया गया था।
भाजपा की पांचवीं सूची में उत्तर प्रदेश की बाकी बची सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जा सकती है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने अभी तक 51 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है और अब बाकी बची सीटों पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं क्योंकि अब कई हैवीवेट उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। माना जा रहा है कि आज वरुण गांधी, उनकी मां मेनका गांधी, जनरल बीके सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, संतोष गंगवार और सत्यदेव पचौरी जैसे सांसदों की किस्मत का फैसला हो जाएगा।
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली के रामलीला मैदान में 31 मार्च को INDIA ब्लॉक की मेगा रैली. #india24x7livetv #NewsUpdate #ArvindKejriwalArrested #delhi pic.twitter.com/54QGNpbmHX
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) March 24, 2024
राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की शनिवार की रात हुई महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत समिति के अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया। भाजपा ने अभी तक लोकसभा चुनाव के लिए चार सूचियां जारी की हैं जिनमें 291 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि आज उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में कई सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा सकता है।
BJP Candidate List: यूपी में होगा इन दिग्गजों की किस्मत का फैसला
उत्तर प्रदेश की बाकी बची 24 लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के नाम का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। जानकार सूत्रों का कहना है कि भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बृजभूषण शरण सिंह, वरुण गांधी, मेनका गांधी, जनरल वीके सिंह, सत्यदेव पचौरी, संतोष गंगवार और रीता बहुगुणा जोशी की लोकसभा सीटों पर मंथन किया गया है। वरुण गांधी हाल के दिनों में पार्टी लाइन से अलग हटकर बयान देते रहे हैं। हालांकि हाल के दिनों में उन्होंने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है मगर उनके टिकट पर ग्रहण लगता दिख रहा है। इसी तरह कैसरगंज लोकसभा सीट पर बृजभूषण शरण सिंह के टिकट पर भी संकट के बदले मंडरा आ रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बार उनकी पत्नी केतकी सिंह या बेटे को चुनाव मैदान में उतर जा सकता है। गाजियाबाद से अतुल गर्ग तो मेरठ से अरुण गोविल को मौका मिल सकता है, जबकि सहारनपुर से राघव लखनपाल और मुरादाबाद से कुंवर सर्वेश सिंह उम्मीदवार हो सकते हैं।
भाजपा अब तक यूपी में लोकसभा के 51 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। इनमें से बाराबंकी के प्रत्याशी उपेंद्र रावत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। आपत्तिजनक वीडियो जारी होने के बाद रावत ने कहा कि वे जब तक निर्दोष साबित नहीं होंगे तब तक चुनाव नहीं लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में एनडीए गठबंधन में दो सीटें रालोद और एक सीट सुभासपा को दी गई है जबकि दो सीट अपना दल (एस) को दी गई हैं। ऐसे में भाजपा के कोटे की शेष बची 24 सीटों पर उम्मीदवार तय होना है। इसके साथ ही बाराबंकी में उम्मीदवार बदला जाना है।
धर्मेंद्र प्रधान और संबित पात्रा का टिकट तय
ओडिशा में भाजपा का बीजू जनता दल के साथ गठबंधन नहीं हो सका है। इसलिए अब पार्टी 21 लोकसभा सीटों और 147 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की कोशिश में जुटी हुई है। मीटिंग के दौरान ओडिशा की 21 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया गया। संभलपुर से धर्मेद्र प्रधान, पुरी से संबित पात्रा और भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी को टिकट मिल सकता है जबकि दो मौजूदा सांसदों के टिकट काटे जाने की संभावना है। भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने बताया कि सीईसी ने ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीटों और 147 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। सामल ने पिछले दिनों जानकारी दी थी कि अब राज्य में भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान का पहला चरण 19 अप्रैल से शुरू होगा। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान का कार्यक्रम तय किया गया है। अंतिम चरण का मतदान एक जून को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र वाराणसी में भी आखिरी दिन ही मतदान होगा। लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। आमचुनाव में लगभग 97 करोड़ मतदाता देश की अगली सरकार का फैसला करेंगे।










