Firozabad Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, डंपर से टकराते ही आग का गोला बनी बस, 3 दर्जन यात्री झुलसे, 2 की मौत

Facebook
X
WhatsApp

Firozabad Bus Accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के मटसेना थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह को एक भीषण सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। यहां कानपुर से यात्रियों को लेकर गुड़गांव जा रही एक लग्जरी बस आगे चल रहे बालू से भरे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के तुरंत बाद बस में शॉर्ट सर्किट हो गया और देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए आग की लपटों के बीच से कूदने लगे। इस दौरान अबतक कुल 3 दर्जन यात्रियों के घायल होने की खबर आ रही है। वहीं हादसे में चालक और परिचालक की मौत हो गई है।

Also Read –UP Weather Today: यूपी में ‘मौत’ जैसी गर्मी! 23 जिलों में हीट स्ट्रोक का बढ़ा खतरा, IMD का रेड अलर्ट

Firozabad Bus Accident: डिवाइडर से टकराया डंपर

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बस में करीब चार दर्जन यात्री सवार थे। जब बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 43.300 किलोमीटर के पास पहुंची तभी आगे चल रहा बालू से भरा डंपर अचानक डिवाइडर से टकरा गया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार लग्जरी बस डंपर में जा घुसी। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटों के बीच यात्रियों ने बचाई जान

हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोग किसी तरह खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कई यात्री आग की लपटों के बीच से कूदकर बाहर आए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस, आसपास के कई थानों का फोर्स, यूपीडा कर्मी और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। इसके साथ ही एसडीएम शिकोहाबाद डॉ गजेंद्रपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे।

हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस और राहत टीमों ने आग के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

करीब तीन दर्जन यात्री झुलसे, 2 की मौत

मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब तीन दर्जन यात्री आग से झुलस गए। घायलों को तत्काल फतेहाबाद और शिकोहाबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकोहाबाद अस्पताल में 15 घायलों को भर्ती किया गया, जिनमें से 14 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एक घायल युवती का इलाज शिकोहाबाद में जारी है।

थाना प्रभारी मटसेना ने बताया कि हादसे में बस चालक की मौत हो गई है जबकि कंडक्टर की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय ने चालक और कंडक्टर दोनों की मौत की पुष्टि की है

ये लोग हुए हादसे में घायल

हादसे में घायल हुए यात्रियों में दिलीप पुत्र रामकरण निवासी ललौली जिला फतेहाबाद, सुंदर लाल पुत्र मिर्जा निवासी परासन थाना आटा जिला जालौन, मायादेवी पत्नी विजय कुमार निवासी कानपुर, आस्था पुत्री अतुल त्रिपाठी निवासी बिठूर कानपुर, मुकेश कुमार पुत्र गंगा सागर निवासी लाल बगला जसपुर वृंदावन, पप्पू पुत्र बाबू सिंह निवासी ललौली फतेहाबाद, नीलम पत्नी राजीव सिंह, संजय पुत्र अमर सिंह, पूनम पत्नी संजय, यूवी, सोनू निवासी भकरईया थाना अजीतमल औरैया, अनिल, सत्यभान पुत्रगण सिपाही लाल, शांति देवी पत्नी सिपाही लाल निवासी गुड़गांव हरियाणा, रंगोली पत्नी शिवकुमार, राखी पत्नी सतीश निवासी मुंगिसपुर कानपुर, शिवम पुत्र हरिशंकर निवासी कृष्ण नगर बलिया, अभिषेक यादव पुत्र भूरा सिंह निवासी डेरापुर कानपुर देहात, सत्यम विश्नोई पुत्र राकेश निवासी तिलक नगर औरैया, पूजा रावत पत्नी विजय निवासी सफीपुर उन्नाव, मन्नत पुत्री कमल, वेद पुत्र कमल और गोविंदी पत्नी गोपाल निवासी कानपुर शामिल हैं।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की मदद ली गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

थाना प्रभारी मटसेना का कहना है कि बालू से भरा डंपर पहले डिवाइडर से टकराया था, जिसके बाद पीछे से आ रही लग्जरी बस उससे भिड़ गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और यात्री झुलस गए। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें