Lucknow Shiva Sharma Case: लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे को उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर के साथ नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। तीनों को हिरासत में लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाने लाया गया है।
नागपुर के अपार्टमेंट से हुई गिरफ्तारी
मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी एसटीएफ ने तीनों आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर में वर्धा रोड स्थित चिंच भवन के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। श्रद्धा दुबे इस मामले में 9 अक्टूबर से फरार चल रही थी। उसके साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर को भी पकड़ा गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों को लखनऊ लेकर पहुंची, जहां हजरतगंज थाने में उनसे पूछताछ की जा रही है।
नेपाल, आगरा होते हुए नागपुर पहुंची थी श्रद्धा
जानकारी के अनुसार, फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे पहले नेपाल गई, फिर आगरा पहुंची और इसके बाद नागपुर चली गई। पुलिस को चकमा देने के लिए बुर्का पहनकर घूमने की बात भी सामने आई है। हालांकि, फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों और गिरफ्तारी से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही मामले की जांच जारी थी। अब श्रद्धा दुबे और उसके साथ गिरफ्तार दो अन्य लोगों से पूछताछ के जरिए पुलिस घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश करेगी।
मेडिकल के बाद कोर्ट में पेशी की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस तीनों आरोपियों का लखनऊ के सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें अदालत में पेश करेगी। इसके बाद पुलिस मामले में आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।
फिलहाल, पुलिस की पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिवा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी और इस मामले में गिरफ्तार लोगों की क्या भूमिका रही।










