Rajasthan News: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राजस्थान के कोटा में सैन्य दुर्ग अभियंता कार्यालय में कार्यरत एक सहायक सैन्य दुर्ग अभियंता (एजीई) को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी एजीई नरेंद्र कुमार राय को शिकायतकर्ता से 1,10,000 रुपए की रिश्वत की मांग करने एवं स्वीकार करने के दौरान रंगे हाथ पकड़ा गया।
सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एजीई नरेंद्र कुमार राय ने परिवादी के लंबित बिलों को पास करने के मामले में 1,50,000 रुपए एवं शिकायतकर्ता की पूर्व की निविदाओं को बढ़ाने के लिए 10,000 रुपए की मांग की थी।
Rajasthan News: रंगे हाथ पकड़ लिया
सीबीआई ने मामले की शिकायत की पुष्टि होने पर शिकायतकर्ता से 110,000 रुपए की रिश्वत/अनुचित लाभ की मांग करने एवं स्वीकार करने के दौरान रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद सीबीआई ने एजीई के कोटा स्थित कार्यालय एवं गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) स्थित आवास की तलाशी ली जिससे आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं।
सीबीआई ने आरोपी एजीई नरेंद्र कुमार राय को गिरफ्तार कर जयपुर की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में सीबीआई की कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश गया है। सीबीआई भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
















Comments 1