रिपोर्ट -शीतला प्रसाद बिंद
UP News: मिर्जापुर। गुरु पूर्णिमा पर्व-2026 के अवसर पर जनपद मिर्जापुर के थाना चुनार क्षेत्र स्थित स्वामी अड़गड़ानंद आश्रम, सतशगढ़ में आयोजित होने वाले विशाल धार्मिक मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निर्वाध रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस मेले में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 12 से 15 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर अपर्णा रजत कौशिक ने संबंधित अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी चुनार ने भी मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया।
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मेला क्षेत्र को 5 जोन एवं 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सिद्धनाथ दरी, जंगल क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था में जनपदीय पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों को लगाया गया है। पुलिस बल लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता से ड्यूटी कर रहा है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव, प्रभारी निरीक्षक चुनार सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और मेला व्यवस्था की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का अनुपालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में निकटतम पुलिसकर्मी अथवा सहायता केंद्र से संपर्क करें, ताकि गुरु पूर्णिमा पर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।









