UP News: रेणुकूट (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश)। जनपद सोनभद्र के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का गौरव बढ़ाया है। स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र रवि सिंह ने थाईलैंड के पटाया शहर में आयोजित 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप-2026 में पुरुष वर्ग के अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश, उत्तर प्रदेश, सोनभद्र और रेणुकूट का नाम रोशन किया।
31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विश्व के 32 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच रवि सिंह ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए रवि सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, टीम कोच हरप्रीत सिंह, राकेश कुमार एवं रंजीत सूरज को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग के कारण ही वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के लिए पदक जीतने में सफल हुए।
रवि सिंह ने हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान के सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रवि सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों तथा हिण्डालको इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। जिले के अनेक गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। रवि की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।









