उत्तर प्रदेश के उन्नाव में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों और एक नर्सिंग होम संचालकों के बीच बड़ी मिलीभगत सामने आई है. यहां जिस नर्सिंग होम को CMO ने सील कर दिया था, उसी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई. CMO द्वारा सील नर्सिंग होम सिद्धिविनायक में रविवार को महिला को पेट दर्द की तकलीफ होने पर भर्ती कराया गया था. उपचार के नाम पर उससे 40 हजार रुपये भी जमा कराए गए।
इस महिला के गॉल ब्लैडर में दिक्कत होने के बाद ऑपरेशन किया गया, जहां बुधवार को महिला की हालत बिगड़ गई और मौत हो गई. महिला की मौत के बाद नर्सिंग होम स्टाफ ने लाश सौंप दी. वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर हंगामा किया।
ऐसे में CMO द्वारा सीज किए गए अस्पताल में कैसे इलाज चल रहा था, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं. उधर CMO उन्नाव ने सफाई देते हुए जांच के साथ ही सिद्धि विनायक अस्पताल प्रबंधक के खिलाफ FIR की बात कही।
वहीं इस मामले को लेकर उन्नाव के CMO डॉ. सत्यप्रकाश ने जांच कराने की बात कही है. डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि सिद्धि विनायक हॉस्पिटल के खिलाफ पूर्व में मानक विहीन संचालन की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच करवाने के बाद उसका रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया था. यह अस्पताल दोबारा चालू हुआ है, इसकी जानकारी नहीं है, अगर ऐसा हुआ है तो जांच कराकर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।









