लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक राम विलास पासवान की आज पहली जयंती है। राम विलास पासवान की पहली जयंती पर अपने पिता को याद करते हुए चिराग पासवान भावुक हो गए। चिराग पासवान ने कहा कि राम विलास पासवान जी का बेटा हूं, शेर का बेटा हूं, जैसे पापा कभी नहीं डरे थे वैसे ही मैं भी कभी नहीं डरुंगा। लाख कोई हमे तोड़ने की कोशिश करे, झुकाने की कोशिश करे, जैसे पापा सच्चाई की राहत पर लड़ते रहे, बिना घबराए हुए, वैसे ही हम लोग भी लड़ेंगे और जीत भी हमारी होगी। आज उनके जन्मदिवस पर पापा ने अपने रहते हुए इस किताब को लिखा था, हम सब ने सोचा था कि पापा के रहते हुए ही हम लोग एक बड़ा कार्यक्रम करेंगे और उसमे इस किताब को रिलीज करेंगे, लेकिन विधि को कुछ और ही मंजूर था।
बता दें कि राम विलास पासवान की पहली जयंती पर आज चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे। दरअसल जिस तरह से राम विलास पासवान के निधन के बाद लोक जनशक्ति पार्टी के दो फाड़ हो गए उसके बाद चिराग लगातार पार्टी को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी के भीतर अपनी दावेदारी को मजबूत करने के इरादे से ही वह आज आशीर्वाद यात्रा निकालने जा रहे हैं। चिराग हाजीपुर से से यह आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे। हाजीपुर से राम विलास पासवान 8 बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। फिलहाल इस सीट पर उनके भाई पशुपति कुमार पारस सांसद हैं। जिन्होंने पार्टी के भीतर बगावत करके खुद को लोकसभा में पार्टी का नेता घोषित कर दिया है।
राम विलास पासवान की पहली जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें याद करते हुए अपना दोस्त बताया। पीएम मोदी ने कहा कि राम विलास मेरे दोस्त थे, आज उनकी काफी याद आ रही है। वह देश के सबसे अनुभवी सांसद और प्रशासकों में से एक हैं। पिछड़ों के उत्थान के लिए उन्होंने बहुत बड़ा योगदान दिया है, इसके लिए देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।













