Raebareli News: जिला रायबरेली के तहसील महराजगंज में शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 36, पुलिस की 6, विकास विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 11 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपा गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान शासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की बाधा होने पर उसका स्पष्ट कारण भी प्रस्तुत किया जाए।
इस अवसर पर एसडीएम आयुष अग्रवाल, सीओ प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









