Lucknow Road Accident: मलिहाबाद में मौत बनकर आई तेज रफ्तार कार, वैन से भिड़ंत में 8 साल की मासूम समेत दो की मौत !

Facebook
X
WhatsApp

Lucknow Road Accident: राजधानी लखनऊ में सर्दी के साथ सड़क हादसों का सिलसिला भी बढ़ने लगा है। मलिहाबाद क्षेत्र के पुरवा गांव के पास देर रात मारुति ओमिनी वैन और होंडा सिटी कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में वैन चालक और आठ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद होंडा सिटी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुईया मदारपुर गांव के कुछ लोग मारुति ओमिनी वैन से रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद सभी लोग देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास सामने से आ रही होंडा सिटी कार से वैन की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में वैन चला रहे 20 वर्षीय रामजी उर्फ अमित कुमार और आठ वर्षीय प्रिया उर्फ आकांक्षी की मौत हो गई। प्रिया अपनी मां दयावती के साथ वैन में सवार थी। शादी समारोह से खुशियां मनाकर लौट रहे परिवार पर हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।

वैन में फंसे घायलों को ग्रामीणों ने निकाला

दुर्घटना में 30 वर्षीय दयावती, 16 वर्षीय आशिक, 30 वर्षीय सरोज कुमारी, आनंद और 17 वर्षीय दीपांशी घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मलिहाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वैन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मलिहाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

फरार होंडा सिटी चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे के बाद होंडा सिटी चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें