मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर इस समय पूरे उत्तर प्रदेश में शहर से लेकर गांव तक कोरोना संक्रमण की जांच का दौर चल रहा है. इस बीच ग्रामीणों द्वारा जांच न कराने के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन यूपी के अलीगढ़ के टप्पल में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि इस बवाल के पीछे दुल्हन का घूंघट हटवाने की बात सामने आ रही है;
दरअसल, यूपी में चल रही कोरोना जांच की प्रक्रिया के तहत अलीगढ़ टप्पल के साहा नगर सोरौला में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करने पहुंचे थी. इस दौरान गांव के तमाम लोगों ने एंटीजन टेस्ट कराए और सैंपल स्वास्थ्य विभाग की टीम को दिए. इस बीच अचानक गांव वालों ने जांच करने वाली टीम पर हमला बोल दिया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने के साथ उनके कागजात फाड़ डाले और जांच किट छीन लीं. इस घटना में दो स्वास्थ्यकर्मियों के घायल होने के बाद न सिर्फ पुलिस को सूचना दी गई बल्कि एफआईआर भी दर्ज कराई गई
पुलिस के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले के पीछे दुल्हन का घूंघट मुख्य वजह बना. गांव के 37 से ज्यादा महिला और पुरुषों ने अपनी कोरोना जांच करवा ली थी, इस बीच एक नवविवाहिता भी जांच के लिए पहुंच गई. जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम के एक कर्मी को कोरोना जांच के लिए नवविवाहिता के नाक और मुंह के सैंपल लेने थे और इस वजह से उसने घूंघट हटाने के लिए बोल दिया. जबकि दुल्हन ने जांच केंद्र पर गांव के कई बुजुर्ग और लड़कों के खड़े होने के कारण अपना घूंघट हटाने से इंकार कर दिया. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मी ने कहा कि बिना घूंघट हटाए सैंपलिंग नहीं हो सकती, तो वहां मौजूद गांव के कुछ लड़कों ने लात-घूसों से टीम पर हमला कर दिया, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने न सिर्फ सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया बल्कि अज्ञात लोगों के खिलाफ टप्पल थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है. यही नहीं, पुलिस भी इस मामले की जांच में जुट गई है.









