गुवाहाटीः नागालैंड के मोन जिले में आज तड़के NSCN-KYA के संदिग्ध आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में असम राइफल्स के 2 जवान घायल हो गए. घायल जवानों को इलाज के लिए जोरहाट वायुसेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है. असम राइफल्स ने एक बयान में कहा कि इस मुठभेड़ में कुछ आतंकवादियों के हताहत होने की आशंका है. तलाशी अभियान जारी है।
इससे पहले 9 अगस्त को NSCN-KYA और ULFA-I के संदिग्ध उग्रवादियों ने अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में असम राइफल्स के जवानों पर लगभग एक साथ अटैक किया था. भारत-म्यांमार सीमा पर नागालैंड के नोकलाक जिले के दान पांग्शा इलाके में असम राइफल्स के जवानों पर आतंकवादियों ने हमला किया था. इसके बाद, क्षेत्र में असम राइफल्स के जवानों और आतंकवादियों के बीच भारी गोलाबारी हुई. इस मुठभेड़ में दोनों पक्षों की ओर से कोई हताहत नहीं हुआ था।
इसी दिन अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर पंगसाऊ दर्रे पर असम राइफल्स के जवानों पर आतंकवादियों ने हमला किया. उग्रवादियों ने असम राइफल्स के गश्ती दल पर फायरिंग की. तेजपुर स्थित रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल ए.एस. वालिया ने बताया, ‘भारत-म्यांमार सीमा के पार से उग्रवादी समूहों द्वारा असम राइफल्स के जवानों पर गोलीबारी की घटना तिरप और चांगलांग जिले के सामान्य इलाके में हुई।
रक्षा वक्ता ने कहा, ‘एक जूनियर कमीशंड अधिकारी के हाथ में चोट आई है.’ चांगलांग के एसपी मिहिन गैम्बो ने कहा, ‘यह तुरंत पता नहीं चल पाया है कि हमले में कौन से विद्रोही समूह शामिल थे.’ इस बीच, सुरक्षा बलों ने चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है।








