पलामूः पिकअप से गिरे मजदूरों को दूसरे पिकअप ने रौंदा,छह की मौत

Facebook
X
WhatsApp

पलामू जिले के हरिहरगंज में  भीषण सड़क हादसे में धनकटनी कर लौट रहे छह मजदूरों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा शाम करीब सवा पांच बजे एनएच-139 पर हुआ। बताया जाता है कि मजदूरों से भरी पिकअप वैन को सामने से आया एक बेकाबू ट्रक साइड से रगड़ते हुए गुजरा जिससे वैन पर सवार दर्जनभर मजदूर गिर गए। इनमें आधा दर्जन को पीछे से आ रही दूसरी पिकअप वैन ने रौंद दिया। घटना शुक्रवार की है।बुरी तरह घायल 11 लोगों को हरिहरगंज सीएचसी ले जाया गया। वहां से जांच के बाद पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर पंचायत अंतर्गत जीरो गांव की रीता, कालो तथा कमलेश भुइयां को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायलों में जीरो निवासी बबलू भुइयां, विनोद भुइयां, नीलम कुमारी, बसंती कुमारी, मनिका के बरबइया पटना निवासी सूर्यबिहारी सिंह, बिंदेश्वर सिंह, अपर्णा तथा हरिहरगंज के चाट कारोबारी दिनेश सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पलामू मेडिकल रेफर कर दिया गया। हालांकि गंभीर स्थिति के कारण बसंती (17), अर्पणा (14) तथा नीलम (16) को औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। हरिहरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। उधर, छतरपुर अनुमंडल के एसडीएम नरेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मृत मजदूरों को सरकार की ओर से घोषित मुआवजा और पारिवारिक लाभ योजना से भी लाभान्वित किया जाएगा।

हादसे का शिकार हुई पिकअप वैन में दो बच्चों समेत 33 लोग सवार थे। वैन में मजदूरी के रूप में मिला  धान भी था। गाड़ी में जीरो गांव के 20 जबकि बरवइया-पाटन के 11 मजदूर और उनके दो छोटे बच्चे सवार थे। ओवरलोड होने के कारण ट्रक से रगड़ खाते ही एक दर्जन लोग उछलकर नीचे जा गिरे। हादसे में जो मजदूरी बगल की तरफ गिरे वे तो बच गए पर पीछे की तरफ गिरनेवाले दूसरी गाड़ी की चपेट में आ गए।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें