उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में विद्युत विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया. यहां कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव में बिजली कनेक्शन की जांच के दौरान बिजली विभाग की टीम ने महिला के घर की केबल कटिया की आशंका पर खींच ली. इससे केबिल टूटकर महिला के ऊपर जा गिरी और करंट लगने से महिला की मौत हो गई. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग की टीम को बंधक बनाकर हंगामा शुरू कर दिया. हालांकि प्रधानपति और पुलिस ने मुआवजे का आश्वासन देकर किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया. वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उन्नाव जिले के बिहार भगोले खेड़ा गांव का रहने वाला घनश्याम की 30 वर्षीय पत्नी सोनी करीब तीन साल से बच्चों के साथ मायके में रहती थी. उसके पिता रणजीत की एक माह पहले मौत हो गई थी. उनके नाम ही बिजली कनेक्शन था. इस बीच सोमवार को चौडगरा विद्युत उपकेंद्र के जेई मुकेश गौतम टीम के साथ कनेक्शन की जांच करने रावतपुर गांव पहुंचे. वह घर में कनेक्शन की चेकिंग करने लगे. आरोप है कि घर की केबिल कटिया की आशंका पर विद्युत विभाग की टीम ने केबल खींची. तभी तार घर के पास से टूटकर सोनी पर जा गिरा और करंट लगने से सोनी की मौत हो गई।
यह देखकर पड़ोसी सोनू ने जब शोर मचाया तो ग्रामीण इकट्ठा हो गए. उन्होंने जेई समेत टीम को घेरकर बंधक बना लिया और हंगामा करने लगे. इसके बाद जेई ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई. वहीं प्रधानपति धीरेंद्र सिंह और पुलिस ने मुआवजे के आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. कल्यानपुर प्रभारी निरीक्षक जयचंद्र भारती ने बताया कि प्रधान पति ने तहरीर दी है, जिस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।









