मेरठ। Minister Dinesh Khatik मेरठ में एक टेंट कारोबारी और पुलिसकर्मियों के बीच पनपे विवाद की आंच शुक्रवार को लखनऊ तक पहुंची। चार जून को थाने पर दर्ज एक शिकायत को लेकर पुलिस के रवैये से नाराज जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने जब इस्तीफा देने की बात कहते हुए प्रेसवार्ता बुला ली, अपनी स्कार्ट भी लौटाकर पुलिस लाइंस भेज दी, तब मौके की नजाकत भांपते हुए उच्चाधिकारियों ने मंत्री से मुलाकात कर प्रेस वार्ता निरस्त कराई।
बैठक में दावा कि नाराजगी की दूर
दिनभर मान-मनौव्वल का दौर चला और रात में जाकर डीएम-एसएसपीने दो दौर की बैठक के बाद दावा किया कि मंत्री की नाराजगी दूर कर दी गई है। अब सबकुछ ठीक है। उधर, टेंट व्यापारी की तहरीर पर दो सिपाहियों पर लूट, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रकरण की चर्चा प्रदेश सरकार एवं संगठन की प्रदेश इकाई तक पहुंची।
शुक्रवार को जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने पुलिस-प्रशासन पर दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता बुला ली। इस पर हरकत में आए डीएम दीपक मीणा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने राज्यमंत्री से बातचीत कर उन्हें न्यायसंगत कार्रवाई का भरोसा दिया। इस पर मंत्री ने प्रेसवार्ता निरस्त कर दी। टेंट स्वामी कोमल की तरफ से दोनों पुलिसकर्मी विकास और आकाश के खिलाफ लूट, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। हालांकि पुलिसकर्मियों की तरफ से भी टेंट व्यापारी के खिलाफ तहरीर दी गई है, जिसपर एसएसपी ने मुकदमा चलाने का आदेश दिया है।
मेरठ : जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने सुरक्षा के लिए लगाई पुलिस की स्कोर्ट भी वापस भेज दी है। मंत्री सुबह से बिना स्कोर्ट के लिए शहर में अन्य स्थानों पर घूम रहे है। दरअसल, मंत्री ने इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था। इसी बीच पुलिस की स्कोर्ट को भी वापस भेज दिया था। स्कोर्ट पुलिस लाइन में पहुंच गई है। आरआइ मुकेश रावत का कहना है कि मंत्री से स्कोर्ट के बारे में बातचीत की जाएगी। यह मामला उनकी सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में स्कोर्ट को दोबारा वापस भेजा जाएगा।
इंस्पेक्टर अवकाश पर चले गए
इंस्पेक्टर राजपाल की पूरे घटनाक्रम में लापरवाही उजागर हुई है। चार दिनों तक मामले की जांच कर कार्रवाई नहीं की गई। माना जा रहा है कि इंस्पेक्टर पर कार्रवाई होने जा रही है। ऐसे में इंस्पेक्टर विवाद के बीच में अवकाश लेकर अपने घर लौट गए। इंस्पेक्टर का कहना है कि उनके परिवार में एक शादी है। उन्होंने शादी समारोह के लिए अवकाश लिया है।









