Jalaun News: जालौन के कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अधिवक्ता का शव कानपुर के सचेंडी इलाके में मिलने की सूचना से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई कार की तलाश की जा रही है। वहीं एहतियात के तौर पर कालपी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बतादें कि कालपी निवासी अधिवक्ता गयादीन अहिरवार शनिवार को उरई न्यायालय से अपना काम निपटाकर वापस कालपी लौट रहे थे। इसी दौरान कालपी में दुर्गा मंदिर के पास कुछ अज्ञात कार सवार लोगों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने फाइल दिखाने के बहाने उन्हें अपनी कार में बैठाया और फिर अपहरण कर फरार हो गए। इसके बाद उनके पुत्र ने पुलिस को अपहरण की तहरीर सौंपकर पिता की सकुशल बरामदगी की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में पुलिस की टीमें अधिवक्ता की तलाश में जुटी थीं। इसी बीच कानपुर में गयादीन अहिरवार का शव मिलने की खबर सामने आई, जिसके बाद अपहरण का मामला हत्या में बदल गया। अधिवक्ता की हत्या की खबर मिलते ही साथी वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कालपी में तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है।
एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।









