लखनऊ : इमामबाड़े में लड़की ने किया डांस, मुस्लिम धर्मगुरुओं ने जताई आपत्ति

Facebook
X
WhatsApp

मध्य प्रदेश के छतरपुर मंदिर में एक लड़की का ‘सेकंड हैंड जवानी’ गाने पर डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। तो वहीं, अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक बड़े इमामबाड़े में लड़की द्वारा डांस करते हुए वीडियो सामने आया है। 30 सेकेंड के इस वीडियो में एक लड़की ‘कोमल काया की मोह माया’ गाने पर डांस कर रही है। सोशल मीडिया पर लड़की का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मुस्लिम धर्मगुरुओ ने इस पर आपत्ति जताई है।

मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लड़की के डांस वीडियो पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि किसी भी ऐतिहासिक इमारत पर इस तरीके का डांस किया जाना सही नहीं है। तो वहीं, यूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा ने लखनऊ डीएम और हुसैनाबाद ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक प्रकाश को इस संबंध में एक पत्र लिखा है। साथ ही, मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों और अफसरों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मोहसिन रजा ने पत्र में लिखा कि ऐसे पवित्र स्थल पर किसी भी तरह का अमर्यादित आचरण और नाच-गाना वर्जित है।

उन्होंने कहा कि इमामबाड़े में तैनात सुरक्षाकर्मियों, गाइड और जिम्मेदार अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी है। इस पवित्र स्थल की शुचिता बनाए रखें, ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो। वहीं, दारुल उलूम फरंगी महली के प्रवक्ता मौलाना सुफियान निजामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों का सम्मान करना सबका फर्ज है। हम सब को मिलकर ऐसे वीडियो का विरोध करना चाहिए। इबादतगाह हमारे मुल्क की संस्कृति का प्रतीक होती है। हैरत की बात है, डांस का वीडियो इबादतगाह में बनाया जा रहा है।

जिस वीडियो के ऊपर इतना विवाद हो रहा है वो वायरल वीडियो 30 सेकेंड का है। वीडियो में एक लड़की लखनऊ के ऐतिहासिक बड़े इमामबाड़े में ‘कोमल काया की मोह माया’ गाने पर डांस करती हुई नजर आ रही है। बता दें, इमामबाड़े में डांस करने वाली लड़की ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा है और सादगी भरे अंदाज में डांस कर रही है। हालांकि, डांस वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।

इससे पहले 26 सितंबर को मध्य प्रदेश के छतरपुर में मंदिर में डांस करते हुए वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में एक लड़की मंदिर के गेट के सामने बॉलीवुड गाने पर डांस करती नजर आ रही थी। कुछ हिंदू संगठनों ने इस वीडियो पर आपत्ति जताई थी।

 

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें