Delhi Sleeper Bus Gangrape Case: दिल्ली में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से चलती स्लीपर बस में कथित गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर कुलदीप की पत्नी ने अपने पति को निर्दोष बताया है। कानपुर देहात में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि कुलदीप परिवार के साथ शांतिपूर्वक रहता है और उसे गलत तरीके से मामले में फंसाया जा रहा है।
कुलदीप की पत्नी ने बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले उनके ससुर की हत्या हो गई थी। इसके बाद कुलदीप करीब एक महीने तक घर पर रहा। फिर उसने 10-15 दिन वाहन चलाया और दोबारा घर आ गया। पत्नी के मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले ही वह करीब एक सप्ताह घर पर रहने के बाद काम के लिए दिल्ली गया था।
उन्होंने कहा कि कुलदीप सोमवार को काम के लिए निकला था और मंगलवार को यह घटना सामने आई। उन्हें मामले की जानकारी मंगलवार सुबह हुई।
Delhi Sleeper Bus Gangrape Case: ‘10-15 साल से बस चला रहा है, कभी कोई शिकायत नहीं हुई’
कुलदीप की पत्नी ने कहा कि उनके पति पिछले करीब 10-15 वर्षों से वाहन चला रहे हैं। उनके दो बच्चे हैं—16 साल की बेटी और 11 साल का बेटा। पत्नी के मुताबिक, परिवार में कभी इस तरह की कोई परेशानी नहीं हुई और कुलदीप घर पर भी शांतिपूर्वक रहता है।
उन्होंने अपने पति का बचाव करते हुए कहा कि वह इस तरह का गलत काम नहीं कर सकता और उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दिल्ली में काम के दौरान रोज परिवार से करता था बात
कुलदीप की पत्नी ने बताया कि जब भी उनका पति दिल्ली में काम के सिलसिले में रहता था, तो वह दिन में दो-तीन बार परिवार से फोन पर बात करता था। उन्होंने कहा कि घटना से पहले भी वह सामान्य रूप से परिवार के संपर्क में था।
क्या है दिल्ली स्लीपर बस गैंगरेप केस?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा 3 अगस्त को अपनी मां की डांट के बाद बिना बताए घर से निकल गई थी। वह नोएडा के सेक्टर-63 में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जाना चाहती थी।
पुलिस के अनुसार, अंधेरा होने और बारिश शुरू होने के बाद छात्रा गलती से परी चौक पहुंच गई। इसी दौरान उसने एक स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे बताया कि बस सेक्टर-63 जा रही है, जिसके बाद वह बस में सवार हो गई।
दिल्ली पुलिस का आरोप है कि इसके बाद बस चालक और कंडक्टर ने नाबालिग को गुमराह कर उसके साथ चलती बस में कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसे कश्मीरी गेट के पास उतार दिया।
इस मामले में बस चालक कुलदीप और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर भी विवाद सामने आया है। यूपी पुलिस का कहना है कि कथित घटना का एक हिस्सा गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में हुआ, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना नहीं दी। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।










