Lucknow News: गोमतीनगर विस्तार स्थित बिजली उपकेंद्र में हाईटेंशन लाइन में आई खराबी को दूर करना संविदाकर्मी के लिए भारी पड़ गया। फाल्ट ठीक करने के दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन में तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर संविदाकर्मी ब्रजेश गंभीर रूप से झुलस गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Lucknow News: सुलभ आवास इलाके में आया था फाल्ट
बताया गया कि बुधवार रात गोमतीनगर विस्तार बिजली उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले सुलभ आवास क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन में खराबी आ गई थी। इसे दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग के संविदाकर्मी मौके पर पहुंचे थे। कर्मचारी लाइन में आई तकनीकी खामी को दूर करने में जुटे थे, तभी अचानक तेज धमाका हो गया।
चपेट में आने से कर्मचारी बुरी तरह झुलसा
अचानक हुए विस्फोट की चपेट में संविदाकर्मी ब्रजेश आ गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। धमाका होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंच गए। साथी कर्मचारियों ने घायल ब्रजेश को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जेई ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद लेसा के जूनियर इंजीनियर प्रभाशंकर तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। हादसे के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन में फाल्ट सुधारने के दौरान आखिर किस वजह से अचानक धमाका हुआ, इसकी जांच की जा रही है। तकनीकी खामी, लाइन में करंट की स्थिति और फाल्ट सुधारने की प्रक्रिया समेत अन्य बिंदुओं की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।










