Barabanki News: 23 अक्टूबर 2026 को जनपद बाराबंकी में फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने एवं किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उप कृषि निदेशक श्री उमेश कुमार एवं भूमि संरक्षण अधिकारी (गोमती) श्री सौरभ कुमार द्वारा विकास खंड बंकी के ग्राम गदिया, मलूकपुर, मुबारकपुर, उजिद्दीपुर, असेनी सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से संवाद एवं परिचर्चा कर उन्हें फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि धान की पराली एवं अन्य फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं, क्योंकि इससे मृदा की उर्वरता प्रभावित होती है तथा पर्यावरण प्रदूषण में वृद्धि होती है। इसके स्थान पर कृषि यंत्रों एवं उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान ग्राम मुबारकपुर में स्थापित पराली संग्रहण केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्र में फसल अवशेषों के संग्रहण एवं प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उचित प्रबंधन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य एवं कृषि उत्पादकता बनाए रखने के लिए पराली न जलाने तथा फसल अवशेषों का वैज्ञानिक एवं उचित प्रबंधन अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों का सही प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









