रिपोर्ट- विशाल कुमार गुप्ता
UP News: नौगढ़, चंदौली। आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए पक्के निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देश पर गुरुवार को जयमोहनी रेंज के धौठवा बीट अंतर्गत शिकरगंज कक्ष संख्या-16 में यह कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को गिराया और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मामले में दो नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
त्योहार के दौरान तेजी से चल रहा था निर्माण कार्य
वन विभाग के अनुसार, खुथहर गांव के कुछ लोगों द्वारा आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराया जा रहा था। बताया गया कि त्योहार के दौरान निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया गया और नींव भरने के साथ ही पिलरों का मजबूत ढांचा भी तैयार कर लिया गया था।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने मझगाई रेंज के सहयोग से संयुक्त टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया।

दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ वन अपराध दर्ज
वन विभाग ने इस मामले में मलिक पुत्र राम अचल और हीरा पुत्र राम मूरत, निवासी ग्राम खुथहर, थाना नौगढ़, समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया है। विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन भूमि पर एक इंच भी अतिक्रमण स्वीकार नहीं है। जिन लोगों ने वन भूमि पर कब्जा कर रखा है या कब्जा करने की योजना बना रहे हैं, वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा वन विभाग की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के साथ दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वन भूमि पर कब्जा करना सरकारी संपत्ति पर अवैध अतिक्रमण के समान है। ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम रही मौजूद
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वन दरोगा सोमेश कुमार, वीरेंद्र पाण्डेय, शुभम कुमार, संजय चौहान, वन रक्षक चन्द्रशेखर, प्रेम सिंह, मुलायम सिंह, धर्मवीर सिंह, प्रमोद यादव और भोलानाथ सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं वाचर मौजूद रहे।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने दोहराया कि वन क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वन भूमि की सुरक्षा और सरकारी संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए विभाग पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा।









