ऑक्सीजन सप्लाई और अस्पतालों में मरीजों की भर्ती तक की व्यवस्था करेगी टीम नाइन

Facebook
X
WhatsApp

कोविड नियंत्रण से लेकर ऑक्सीजन सप्लाई और अस्पतालों में मरीजों की भर्ती तक की जिम्मेदारी जिले में टीम नाइन संभालेगी। जिलाधिकारी ने सीडीओ, सीएमओ और एडीएम समेत अन्य अधिकारियों को इस टीम में शामिल किया है।

लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि कोविड चिकित्सालयों के आईसीयू-ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था, एम्बुलेंस सेवाओं को सुचारू बनाए रखने, ऑक्सीजन की निर्बाध सप्लाई, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता की जिम्मेदारी नई टीम को दी गई है। इसके अलावा ये टीम चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा विभागों और अस्पतालों से सम्पर्क में रहेगी। साथ ही औद्योगिक इकाइयों को संचालित रखने और मजदूरों की समस्याओं का समाधान करेगी।

1. मुख्य समिति में सीडीओ प्रभाष कुमार, सीएमओ संजय भटनागर और एलडीए सचिव पवन गंगवार को रखा गया है। यह टीम सरकारी और निजी अस्पतालों के आईसीयू और ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था देखेगी। अस्पतालों में कर्मचारियों की व्यवस्था और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने का कार्य भी करेगी।

सह समिति में एसीएमओ एमके सिंह की अध्यक्षता में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर अधिकारी काम करेंगे। समिति में उनके अलावा मेडिकल अफसर डॉ. मिलिंद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव को रखा गया है। यह समिति भी पहली समिति के कार्यों की मदद करेगी। साथ ही शासन से मिलने वाले निर्देशों का पालन कराने, संक्रमितों का इलाज और देखभाल, चिकित्सकीय व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना, अस्पतालों में आईसोलेशन वार्ड, दवाइयों की उपलब्धता पर नजर रखेगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज, जिला स्तर के अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य करेगी।

2. मुख्य समिति में सीडीओ प्रभाष कुमार, एडीएम ट्रांस गोमती विश्वभूषण मिश्रा को रखा गया है। यह टीम जिले में एम्बुलेंस सेवाओं के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी निभाएगी। इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम की नियमित रूप से समीक्षा करेगी।

सह समिति में एसीएमओ डॉ. अजय राजा, एसीएमओ डॉ. आरवी सिंह, एसीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केडी मिश्रा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव और जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव रखा गया है।

3. इस टीम में एडीएम प्रशासन अमर पाल सिंह, अपर मुख्य चिकित्साअधिकारी डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव, सीवीओ तेज बहादुर यादव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मिलिन्द, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव को रखा गया है। यह समिति शासन और अन्य जिलों से महत्वपूर्ण विषयों पर समन्वय करेगी। लखनऊ की रिपोर्ट शासन को देगी। शासन से आने वाली चिट्ठियों का उसी दिन जवाब देगी। गौ आश्रय स्थलों में भूसे, चारे की व्यवस्था करेगी। अन्य विभागों से समन्वय रखेगी।

4. इस टीम में एडीएम सिविल सप्लाई आरडी पाण्डेय और उपायुक्त जिला उद्योग केन्द्र, उप श्रम आयुक्त को रखा गया है। यह टीम जिले की औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक इकाइयों का संचालन प्रभावित न हो इस पर नजर रखेगी। साथ ही सभी इकाइयों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना कराएगी। इन इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों, कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करेगी।

5. इस टीम में एडीएम टीजी विश्व भूषण मिश्रा को रखा गया है। साथ ही जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्रा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी निश्चल आनंद, सचिव कृषि उत्पादन मंडी संजय सिंह, डीएसओ सुनील सिंह को सदस्य बनाया गया है। यह टीम गेहूं खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित करने, समय से भुगतान करने, किसानों को खाद, बीज आदि की व्यवस्था करने का कार्य करेगी। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि सभी जरूरी सामान आम लोगों को उचित मूल्य पर मिलें।

6. इस टीम में एडीएम सिटी पूर्व खेमपाल सिंह, एसीएम प्रथम नवीन चन्द्र, आरटीओ आरपी द्विवेदी, ड्रग इंस्पेक्टर बृजेश कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर माधुरी सिंह को रखा गया है। यह टीम जिले में ऑक्सीजन की समय पर व्यवस्था कराने, इसके लिए शासन और अन्य जिलों, सप्लायरों, ट्रांसपोर्टरों से समन्वय स्थापित करेगी।

7. एडीएम वित्त एवं राजस्व बिपिन कुमार मिश्रा इस टीम के अध्यक्ष हैं। उनके साथ एलडीए संयुक्त सचिव ऋतु सुहास, अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी, जिला पंचायतीराज अधिकारी निरीष साहू को रखा गया है। यह टीम प्रवासी कामगारों के जिले में आने पर रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों, ग्राम पंचायतों और वार्डों में उनकी जांच कराने, क्वारंटीन करने की व्यवस्था करेगी।

8. इस टीम में नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी अध्यक्ष और सभी पुलिस उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सह अध्यक्ष होंगे। साथ ही अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, वरिष्ठ जेल अधीक्षक आशीष तिवारी, सहायक श्रम आयुक्त राधे मोहन तिवारी सदस्य बनाए गए हैं। यह टीम कंटेनमेंट जोन में प्रभावी व्यवस्था करने, पूरे जिले में मास्क की चेकिंग करने, साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से पालन कराने का कार्य करेगी। इसे अलावा कारागार में साफ सफाई और सैनिटाइजेश्न कराने, रिजर्व पुलिस लाइन में कोविड केयर सेंटर बनाने और संचालित करने का कार्य करेगी।

9. इस टीम में नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी, एसीएम सूर्यकांत त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी देवेन्द्र कुमार दोहरे, जिला पंचायती राज अधिकारी निरीक्ष साहू को रखा गया है। यह टीम जिले के सभी नगरीय और ग्रामीण इलाकों में सफाई और सैनिटाइजेशन कराने, इसकी समीक्षा करने का कार्य करेगी। जन उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था को नियमित रूप से लागू कराएगी। पूरे जिले में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने का भी कार्य करेगी।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें