दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ब्लैक फंगस के 40 मरीज भर्ती, 16 को अब भी बेड का इंतजार

Facebook
X
WhatsApp

कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान दिल्ली के अस्पतालों में इस संक्रमण से उबर रहे लोगों में म्यूकोरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) के मामले तेजी से बढ़ते दिख रहे हैं। कई अस्पतालों में इस बीमारी के मरीजों का इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के अनुसार, म्यूकोरमाइकोसिस के मामले बढ़ने की वजह बिना डॉक्टर की सलाह के घर में स्टेरॉयड का अंधाधुंध सेवन है। यह फंगल इंफेक्शन मस्तिष्क, फेफड़े और ‘साइनस’ को प्रभावित करता है तथा डायबिटीज के रोगियों एवं कम इम्यूनिटी वाले व्यक्तियों के लिए जानलेवा हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में म्यूकोरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) के 40 मरीज भर्ती हैं, जबकि 16 अन्य मरीज बेड की प्रतीक्षा में हैं।

वहीं, दिल्ली एम्स के न्यूरोलॉजी विभाग की प्रमुख प्रो. एम.वी. पद्मा श्रीवास्तव ने आज कहा कि ब्लैक फंगस के मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हमने तीन अंकों का आंकड़ा पार कर लिया है। इस बीमारी के इलाज के लिए हमने एम्स ट्रॉमा सेंटर और एम्स झज्जर में अलग से म्यूकर वार्ड बनाए हैं। हमें रोजाना ब्लैक फंगस के 20 से अधिक मामले मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण ब्लैक फंगस के होने का संदेह बहुत अधिक होता है। यदि डायबिटीज के रोगियों को कोविड होता है तो शुगर को सख्ती से नियंत्रित किया जाना चाहिए और स्टेरॉयड का तर्कसंगत उपयोग होना चाहिए।

अस्पतालों में एंफोटेरिसिन-बी इंजेक्शन के समय पर वितरण को बनाई कमेटी

वहीं, दिल्ली सरकार ने एंफोटेरिसिन-बी इंजेक्शन के अंधाधुंध इस्तेमाल को रोकने तथा जरूरतमंद एवं अस्पताल में भर्ती कोविड-19 मरीजों के बीच इस दवा के वितरण की पारदर्शी एवं कुशल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चार सदस्यीय तकनीकी विशेषज्ञ कमेटी बनाई है। इस दवा का इस्तेमाल ब्लैक फंगस या म्यूकरमाइकोसिस के इलाज में किया जाता है और फिलहाल इसकी कमी हो गई है।

दिल्ली के अस्पतालों ने कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान कोरोना संक्रमण से उबर रहे मरीजों में ब्लैक फंगस के मामले बढ़ने की बात कही है और इसकी वजह डाक्टर से बिना परामर्श लिए, घरों में स्टेरॉयड का अतार्कित इस्तेमाल हो सकता है। इस कमेटी के प्रमुख श्वांस रोग विज्ञानी डॉ. एम के डागा होंगे, जबकि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज की डॉ. मनीषा अग्रवाल, डॉ. एस अनुराधा और डॉ. रवि मेहर अन्य सदस्य होंगे।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें