मामला अंतरजातीय विवाह से जुड़ा है। हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर में शिवानी पैलेस के पीछे रहने वाले उमेशचंद्र ने पड़ोस में रहने वाली युवती से कुछ दिन पहले कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद से दोनों पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। कोर्ट मैरिज से उमेश के मां-बाप, भाई खुश नहीं थे। उधर बिटिया के कोर्ट मैरिज करने के बाद उसके पिता ने धूमधाम के साथ शादी करने का फैसला लिया। तीन जुलाई को शादी की तारीख तय हुई, कस्बे के एक गेस्ट हाउस में कार्यक्रम रखा गया। शादी के कार्ड भी नाते रिश्तेदारों और परिचितों को बांटे गए।
बिटिया के पिता ने शादी में दामाद के मां-बाप व भाइयों को आमंत्रित नहीं किया था, क्योंकि वह इस बेमेल शादी के खिलाफ थे। रात में जिस वक्त स्टेज पर वर-वधू वरमाला डाल रहे थे, उसी वक्त दूल्हे की मां मुंह में कपड़ा बांधकर अचानक स्टेज पर आ धमकी। फोटोग्राफर को धक्का देते हुए वह आगे बढ़ी और बेटे पर चप्पलों की बौछार कर दी। दुल्हन की आड़ लेकर दूल्हे ने किसी तरह अपना बचाव किया। इसी बीच मौजूद लोगों ने दूल्हे की मां को पकड़कर स्टेज से नीचे किया, फिर वह सभी को गालियां देते हुए वापस लौट गई। इस घटना के बाद जल्दी-जल्दी शादी की अन्य रस्में निपटाकर दुल्हन को विदा किया गया।









