बाराबंकी : लखीमपुर में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारी किसानों के साथ हुई बर्बरता को लेकर सोमवार को जिले में माहौल गरम रहा। किसान संगठनों ने धरना-प्रदर्शन का कार्रवाई व मृतकों के घरवालों को मुआवजा देने की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन दिए। वहीं, सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सपाइयों ने सपा जिलाध्यक्ष हाफिज पूर्व मंत्री अरविद सिंह गोप के नेतृत्व में छाया चौराहा पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
गोप ने कहा कि लखीमपुर में मृतक किसानों के परिवारजन को सांत्वना बंधाने जा रहे हमारे नेता अखिलेश यादव की गिरफ्तारी कर सरकार ने लोकतंत्र ही हत्या की है। सपा का कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने अखिलेश यादव की रिहाई, किसानों की हत्या करने वालों को फांसी दिए जाने, मृतक किसानों के आश्रितों को दो-दो करोड़ रुपये आर्थिक सहायता गृहमंत्री व उपमुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग से संबंधित राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
पूर्व मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई, पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा, विधायक धर्मराज यादव, पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, हुमायूं नईम खां, हशमत अली गुड्डू शामिल रहे। हैदरगढ़ में पूर्व विधायक राम मगन रावत के साथ परशुराम यादव, वेद प्रकाश वाजपेई, पंकज यादव ने एसडीएम शालिनी प्रभाकर और रासमनेहीघाट में सपा नेता रितेश कुमार सिंह रिकू, देवेंद्र वर्मा, सोनू यादव, आशीष ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया। कांग्रेस के पूर्व सांसद पीएल पुनिया व जिलाध्यक्ष मो. मोहसिन ने कहा कि भाजपा का दामन किसानों के लहू से डूब गया है। प्रधानमंत्री में तनिक भी नैतिकता है तो गृहमंत्री को मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त करें। उधर, दरियाबाद के कांग्रेस नेता अमित शुक्ल ने सीतापुर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में धरने में शामिल हुए। शिवसेना नेता मनोज मिश्र विद्रोही ने भी निदा की है। बसपा की आकस्मिक बैठक में राम नगर विधान सभा क्षेत्र प्रभारी राम किशोर शुक्ल ने कहा कि लखीमपुर की घटना सरकार की तानाशाही का प्रतीक है। किसान संगठनों ने निकाला जुलूस, सौंपा ज्ञापन
नगर में छाया चौराहा स्थित कार्यालय से भाकियू टिकैत गुट के जिला संरक्षक उत्तम वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने जुलूस निकालकर कोतवाली के निकट प्रदर्शन किया। रामानंद वर्मा, राम सेवक रावत, कमलेश वर्मा, ओम प्रकाश, शिव नारायण सिंह, विक्रांत सैनी, मनीश यादव, मोहम्मद इस्माइल, राजू सागर ने लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार एकता सिंह को दिया। राष्ट्रवादी किसान क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष रामजी तिवारी ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। आल इंडिया किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर सिंह सुमन ने कहा कि गृहमंत्री टेनी व डिप्टी सीएम केशव मौर्य को मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, जिला सचिव बृजमोहन वर्मा, शिवदर्शन वर्मा, दीपक शर्मा, संदीप तिवारी, अंकुल वर्मा, राजेंद्र बहादुर सहित अन्य मौजूद रहे। रामसनेहीघाट, त्रिवेदीगंज, हैदरगढ़, फतेहपुर, सिद्धौर व असंद्रा सहित अन्य इलाकों में किसान नेताओं को नजरबंद भी किया।









