उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जीत से विपक्ष जहां परेशान हैं तो वहीं इन परिणामों से बहुजन समाजवादी पार्टी को नई उम्मीद मिली है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि अगर हमने अपना संघर्ष जारी रखा तो 2024 के आने वाले लोकसभा चुनाव में हमें बड़ी जीत मिलेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बीएसपी के सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा पार्टी प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली आदि ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव जिस संघर्ष व दिलेरी के साथ लड़ा है, उसे आगे 2024 लोकसभा आमचुनाव तक जारी रखने के संकल्प के तहत चुनावी मुस्तैदी यथावत बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ आजमगढ़ ही नहीं बल्कि बीएसपी की पूरे यूपी में 2024 लोकसभा आमचुनाव के लिए जमीनी तैयारी को वोट में बदलने के लिए भी संघर्ष व प्रयास लगातार जारी रखना है। उन्होंने कहा कि इस क्रम में एक समुदाय विशेष को आगे होने वाले सभी चुनावों में गुमराह होने से बचाना भी बहुत जरूरी है। इससे पूर्व बसपा सुप्रीमो ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव का परिणाम आने के बाद भी ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा, ‘यूपी के इस उपचुनाव परिणाम ने एकबार फिर से यह साबित किया है कि केवल बीएसपी में ही यहां भाजपा को हराने की सैद्धान्तिक व जमीनी शक्ति है। यह बात पूरी तरह से खासकर समुदाय विशेष को समझाने का पार्टी का प्रयास लगातार जारी रहेगा ताकि प्रदेश में बहुप्रतीक्षित राजनीतिक परिवर्तन हो सके।’ उन्होंने कहा कि उपचुनावों को रूलिंग पार्टी ही अधिकतर जीतती है, फिर भी आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में बीएसपी ने सत्ताधारी भाजपा और सपा के हथकंडों के बावजूद जो कांटे की टक्कर दी है, वह सराहनीय है। पार्टी के छोटे-बड़े सभी जिम्मेदार लोगों व कार्यकताओं को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ना है।









